देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी . पीएम मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पूर्व प्रधानमंत्री को याद किया . उन्होंने लिखा, 'पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं .' वहीं, कांग्रेस ने भी इंदिरा गांधी को याद करते हुए उनके साहस, दूरदर्शिता और देश की संप्रभुता और आत्मनिर्भरता के प्रति समर्पण को प्रेरणादायक बताया .

Paying tribute to former Prime Minister Smt. Indira Gandhi Ji on her birth anniversary.

— Narendra Modi (@narendramodi) November 19, 2026

कांग्रेस ने भी इंदिरा गांधी को किया याद

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट कर कहा कि इंदिरा गांधी का साहस, दूरदर्शिता और भारत की संप्रभुता एवं आत्मनिर्भरता के प्रति उनका समर्पण आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है. पार्टी ने कहा कि उनकी ताकत और सेवा की विरासत देश के लोगों के दिलों में हमेशा दर्ज रहेगी.

19 नवंबर 1917 को हुआ था इंदिरा गांधी का जन्म

इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को इलाहाबाद (वर्तमान प्रयागराज) में हुआ था. वह भारतीय राजनीति की सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिनी जाती हैं. उन्होंने 1966 से 1977 तक और फिर 1980 से 1984 तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया. उनके कई राजनीतिक फैसलों और नीतियों पर आज भी चर्चा होती है.

इंदिरा गांधी ने देश की आजादी की लड़ाई में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी. बचपन में उन्होंने 'बाल चरखा संघ' की स्थापना की थी. वर्ष 1930 में कांग्रेस की मदद के लिए बच्चों का संगठन 'वानर सेना' बनाया. बाद में 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में हिस्सा लेने के कारण उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था.

बैंकों का राष्ट्रीयकरण और हरित क्रांति को बढ़ावा

प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा गांधी के कई फैसलों ने देश की अर्थव्यवस्था और कृषि क्षेत्र पर गहरा असर डाला. वर्ष 1969 में उन्होंने देश के 14 प्रमुख वाणिज्यिक बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया था. इसका उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं और कर्ज की सुविधा को आम लोगों, खासकर ग्रामीण और कृषि क्षेत्रों तक पहुंचाना था. इस कदम के जरिए बैंकिंग व्यवस्था को सामाजिक और आर्थिक विकास से जोड़ने की कोशिश की गई.

इसके अलावा, 1960 के दशक के अंत और 1970 के दशक की शुरुआत में हरित क्रांति को गति देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही. खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने और देश को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए अधिक उपज देने वाले बीजों, रासायनिक उर्वरकों, सिंचाई सुविधाओं और कृषि सहायता कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया गया. इंदिरा गांधी की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सहित कई राजनीतिक दलों ने उन्हें याद किया.