कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय चुनावी व्यवस्था और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान ही उन्हें लगने लगा था कि कुछ गड़बड़ है, लेकिन तब उनके पास कोई सबूत नहीं था. राहुल गांधी ने बताया कि जब उन्हें सबूत मिले और उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने रखे, तो उन्हें इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोलने की सलाह दी गई. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विपक्ष चुनाव लड़ना बंद नहीं कर सकता, क्योंकि ऐसा करने से भारतीय लोकतंत्र और पूरी चुनावी प्रक्रिया की वैधता पर सवाल खड़े होंगे.

'चुनाव न लड़ना लोकतंत्र को खत्म करने जैसा होगा'

राहुल गांधी से पूछा गया कि क्या कभी उनके या दूसरे विपक्षी दलों के नेताओं के मन में यह विचार आया कि चुनाव लड़ना बंद कर दिया जाए और पहले व्यवस्था को ठीक कराया जाए, ताकि सभी को समान अवसर मिल सके? इस पर उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष के कार्यकर्ताओं से चुनाव न लड़ने के लिए कह दिया जाए तो उनका क्या होगा?

उन्होंने कहा कि विपक्ष अगर चुनाव नहीं लड़ने का फैसला करता है तो उसी क्षण भारतीय लोकतंत्र को खत्म करने जैसा कदम होगा. कांग्रेस और विपक्ष ऐसा नहीं करना चाहते. राहुल गांधी के मुताबिक, भारतीय लोकतंत्र उनके लिए पवित्र है और उसकी व्यवस्था को बचाए रखना जरूरी है.

'2014 में ही लगने लगा था कि कुछ गड़बड़ है'

राहुल गांधी ने कहा कि 2014 के चुनाव में ही उन्हें कुछ गड़बड़ी का एहसास होने लगा था. जीत के अंतर को राजनीतिक रूप से समझा पाना मुश्किल लग रहा था, लेकिन उस समय उनके पास कोई प्रमाण नहीं था. उन्होंने कहा कि जब उनके पास सबूत आए तो उन्होंने उन्हें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के सामने रखा. हालांकि, नेताओं ने उनसे इस बारे में कुछ भी नहीं कहने को कहा.

राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठाना उनके लिए आसान नहीं है. ऐसा कोई भी दावा करने के लिए उनके पास 100, 200 या 300 प्रतिशत ठोस सबूत होने चाहिए. उन्होंने कहा कि विपक्ष की रणनीति चुनावी ढांचे को तोड़ने की नहीं, बल्कि व्यवस्था में जो कुछ हो रहा है, उसे सामने लाने की है.

'चुनाव आयोग के भीतर से भी मिल रही हैं जानकारियां'

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि अब चुनाव आयोग के भीतर से ही उन्हें जानकारियां मिल रही हैं. उन्होंने कहा कि आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी अब कह रहे हैं कि वे इस तरह की चीजें और नहीं कर सकते. राहुल गांधी के मुताबिक, अब यह केवल समय की बात है, जब पूरी व्यवस्था ढहने लगेगी.

उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस लड़ाई में काफी पीड़ा झेलनी पड़ी है, लेकिन वह जानबूझकर ऐसा कोई कदम नहीं उठा रहा है जिससे चुनावी व्यवस्था की वैधता पर सवाल खड़ा हो.

ब्राजील की महिला ने 23 बार वोट डाला: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने 2024 के चुनाव में कथित अवैध और फर्जी मतदाताओं का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने सवाल किया कि अगर ऐसे मतदाता मौजूद थे, जिन्हें वोट देने का अधिकार नहीं था, तो फिर चुनाव को वैध कैसे माना जा सकता है? उन्होंने ब्राजील की एक महिला का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वह महिला कभी भारत आई ही नहीं थी, फिर भी उसने भारत के एक राज्य के चुनाव में 23 बार वोट डाला. राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष इसी मुद्दे पर लड़ाई लड़ रहा है और उन्हें खुशी है कि इस लड़ाई में विपक्ष जीत रहा है.

'गैर-लोकतांत्रिक भारत स्वीकार नहीं करेंगे'

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष गैर-लोकतांत्रिक भारत को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है. यह केवल कांग्रेस पार्टी की बात नहीं, बल्कि भारत के अधिकांश लोगों की भावना है. उन्होंने कहा कि विपक्ष यह सुनिश्चित करेगा कि देश के लोगों की बिना किसी डर के अपनी बात रखने की क्षमता फिर से बहाल हो, मजबूत बने और हमेशा कायम रहे.