Homemade Shampoo: बालों को धोने के लिए बाजार में कई तरह के शैंपू मिलते हैं, लेकिन अगर आप घर पर कुछ नया बनाकर इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो गुड़हल के फूलों से शैंपू तैयार कर सकते हैं. गुड़हल का इस्तेमाल बालों की देखभाल में लंबे समय से होता रहा है. इसके फूलों के साथ रीठा, आंवला, मेथी और अलसी जैसी चीजें मिलाकर घर पर शैंपू बनाया जा सकता है. ब्यूटी एक्सपर्ट ज्योति अग्रवाल ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में इसे बनाने का तरीका बताया है. इसे तैयार करने के लिए आपको कुछ चीजों की जरूरत होगी, जो आसानी से मिल जाती हैं.
शैंपू बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए
- सूखे गुड़हल के फूल – 15 से 20 ग्राम
- रीठा – 40 ग्राम
- सूखा आंवला – 40 ग्राम
- रोजमेरी – 4 से 5 ग्राम
- भृंगराज – 2 से 3 ग्राम
- मेथी दाना – 15 से 20 ग्राम
- अलसी के बीज – 25 ग्राम
- सूखी गुलाब की पंखुड़ियां – 4 से 5 ग्राम
घर पर गुड़हल का शैंपू बनाने का तरीका
View on Instagram
1. सबसे पहले चीजों को भिगोएं
रीठा, आंवला, रोजमेरी, भृंगराज और मेथी दाना लें. इन्हें अच्छी तरह धोकर एक बड़े बर्तन में 2 से 3 कप पानी के साथ डाल दें. अब इसे रातभर भीगने के लिए छोड़ दें.
2. अगले दिन पानी को उबालें
भीगी हुई चीजों को उसी पानी में 8 से 10 मिनट तक उबालें. इसके बाद पानी को छानकर एक अलग बर्तन में रख लें.
3. दोबारा पानी डालकर उबालें
अब बचे हुए रीठा, आंवला और दूसरी चीजों में फिर से पानी डालें और उबाल लें. पानी थोड़ा ठंडा होने पर इन चीजों को हाथों से अच्छी तरह मसलें. इससे झाग बनने लगेगा. फिर इस पानी को भी छान लें और पहले निकाले गए पानी में मिला दें.
4. गुड़हल, अलसी और गुलाब से जेल तैयार करें
एक दूसरे पैन में गुड़हल के सूखे फूल, अलसी के बीज और गुलाब की पंखुड़ियां डालें. इसमें करीब डेढ़ कप पानी डालकर उबालें. उबालने पर पानी गाढ़ा होकर जेल जैसा हो जाएगा. इसे तुरंत छान लें.
5. सभी चीजों को मिला लें
अब इस जेल को पहले से तैयार रीठा-आंवला वाले पानी में अच्छी तरह मिला दें. आपका घर पर बनाया गया गुड़हल का हर्बल शैंपू तैयार है. इसे साफ बोतल में भरकर बाल धोने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: गुड़हल से गुलाब तक, सर्दियों में बालों की देखभाल में काम आएंगे ये 4 फूल
The post बाल धोने के लिए घर पर बनाएं गुड़हल वाला शैंपू, किचन में मौजूद इन चीजों से हो जाएगा तैयार appeared first on Prabhat Khabar.

