भारत ने बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन तैयार कर ली है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. बर्ड फ्लू से मुर्गियों को बचाने के लिए H5N1 वैक्सीन विकसित की गई है, जिसे भोपाल स्थित ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने तैयार किया है.

वैक्सीन को लेकर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने आधिकारिक बयान जारी किया है. बयान में कहा गया है कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंब को भोपाल स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान में मुर्गियों के लिए निष्क्रिय H5N1 (क्लेड 2.3.2.1ए) अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) वायरस वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित करेंगे. आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान की ओर स्वदेशी रूप से विकसित यह वैक्सीन भारत में H5N1 एचपीएआई वायरस के क्लेड 2.3.2.1A के खिलाफ विकसित अपनी तरह की पहली वैक्सीन है.

उसने कहा कि HPAI को आमतौर पर बर्ड फ्लू कहा जाता है. ये मुर्गियों और अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली एक गंभीर बीमारी है. इसके प्रकोप से संक्रमित पक्षियों की 100 मौत तय होती है. इससे बड़े पैमाने पर पक्षियों को मारने और व्यापार पर बैन लगने के कारण पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होता है. इस बीमारी का प्रभाव केवल पोल्ट्री फार्मों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वैश्विक व्यापार, पोल्ट्री उत्पादों की कीमतों और किसानों की आजीविका पर भी पड़ता है. साल 2006 में भारत में पहली बार इस बीमारी का पता चलने के बाद से देश में H5N1 और H5N8 उपप्रकारों के 500 से अधिक संयुक्त प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं.

बर्ड फ्लू से कितना होता है नुकसान?

केंद्र के मुताबिक, बर्ड फ्लू का एक बड़ा प्रकोप भारत की जीडीपी वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक कम कर सकता है. यदि बीमारी अनियंत्रित रूप से फैलती है, तो देश की 20 फीसदी से अधिक पोल्ट्री आबादी के प्रभावित होने और नष्ट होने का खतरा है. साल 2006 में बर्ड फ्लू के प्रकोप से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से अनुमानित 2200 से 3000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था.

मणिपुर में भी एक प्रकोप के कारण राज्य की जीडीपी के 0.5 प्रतिशत के बराबर नुकसान हुआ था. यह बीमारी सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी चिंता का विषय है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, साल 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा के 1003 मानव मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है.

मनुष्यों में भी मिले संक्रमण के मामले

मंत्रालय ने कहा कि वायरस के अध्ययन से पता चला है कि H5N1 का क्लेड 2.3.2.1A नामक स्वरूप मुर्गियों में बर्ड फ्लू के अधिकांश प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है. हाल के समय में इस वायरस से होने वाले संक्रमण तमाम पशु प्रजातियों, जिनमें स्तनधारी भी शामिल हैं, में पाए गए हैं. इसके अलावा, मनुष्यों में भी इस संक्रमण के तीन मामले सामने आए हैं इसलिए पोल्ट्री किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने और मुर्गियों से अन्य पशुओं व मनुष्यों में इस वायरस के प्रसार को रोकने के लिए इसका नियंत्रण जरूरी है.

केंद्र सरकार ने कहा कि वर्तमान में H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1A के प्रति सुरक्षा के लिए कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं है. ऐसे में भारत के लिए स्वदेशी वैक्सीन का विकास महत्वपूर्ण है. आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थानकी ओर से विकसित यह वैक्सीन इस जरूरत को पूरा करने के उद्देश्य से तैयार की गई है और इसका लक्ष्य देश में प्रसारित हो रहे H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1A के प्रति सुरक्षा प्रदान करना है.