मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम 7 बजे के बाद से स्पाइसजेट की कोई भी फ्लाइट उड़ान नहीं भर पाई. इसके चलते देश के सबसे बिजी एयरपोर्ट में शामिल मुंबई एयरपोर्ट पर सैकड़ों यात्री फंस गए हैं. सामने आए वीडियो में एयरलाइन के काउंटर पर यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दी. परेशान यात्री स्पाइसजेट के खिलाफ नारेबाजी भी की. पिछले कई दिनों से स्पाइसजेट की कई फ्लाइट्स देरी से उड़ान भर रही हैं.

मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में यात्री फंसे रहे हैं. रात 11 बजकर 30 मिनट की निर्धारित उड़ान के लिए भी बोर्डिंग काफी देर से शुरू हुई. यात्रियों को उड़ानों में देरी की वजह और संभावित समय को लेकर कोई जानकारी नहीं दी जा रही थी. स्पाइसजेट और एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से यात्रियों को कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा था, जिसके चलते यात्रियों में पैनिक बढ़ा और हंगामा शुरू हो गया.

एयरपोर्ट पर इंतजार करने को मजबूर हुए यात्री

यात्रियों ने आरोप लगाया है कि स्पाइसजेट की ओर से न तो देरी की कोई जानकारी दी जा रही थी और न ही उड़ान भरने का नया समय बताया जा रहा था. फ्लाइट कब उड़ान भरेगी, इसे लेकर कोई साफ जानकारी नहीं मिलने के कारण यात्री एयरपोर्ट पर इंतजार करने को मजबूर हुए. इस संबंध में स्पाइसजेट की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं आया है.

पिछले कुछ दिनों से लगातार स्पाइसजेट की फ्लाइट्स का ऑपरेशन प्रभावित हो रहा है. बीते रविवार को एयरलाइन ने दुबई से आने वाली अपनी चार फ्लाइट्स रद्द कर दी थीं. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि एयरलाइन की ग्राउंड-हैंडलिंग कंपनी ने बकाया भुगतान नहीं मिलने पर चेक-इन सेवाएं बंद कर दी थीं. स्पाइसजेट पर ग्राउंड-हैंडलिंग कंपनी Dnata का 1.4 करोड़ UAE दिरहम से ज्यादा बकाया है. चेक-इन सेवाएं बंद रखने का यह फैसला सिर्फ 12 नवंबर तक के लिए था.

दिल्ली-मुबंई एयरपोर्ट के लिए जारी की गई थी एडवाइजरी

वहीं, पिछले शुक्रवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGIA) ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की थी. इसमें एयरलाइन के सामने आ रही ऑपरेशनल दिक्कतों के चलते स्पाइसजेट की उड़ानों में देरी या दूसरी परेशानियों की आशंका जताई गई थी. इसके अगले दिन यानी शनिवार को मुंबई एयरपोर्ट ने भी यात्रियों के लिए इसी तरह की एडवाइजरी जारी की थी.