Nimmi Property Fraud: 1950 और 60 के दशक की पॉपुलर एक्ट्रेस निम्मी की संपत्ति को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है. मुंबई पुलिस ने दिवंगत एक्ट्रेस के पूर्व केयरटेकर को फाइनली गिरफ्तार कर लिया है. 62 साल के असरार इकबाल शेख को 1.77 करोड़ की कथित संपत्ति और बैंक धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. इस मामले के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री और दिवंगत एक्ट्रेस के परिवार में हड़कंप मच गया है.
दरअसल यह पूरा मामला सांताक्रूज पुलिस थाने में दर्ज कराया गया है. एक्ट्रेस निम्मी के भांजे मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता के पास निम्मी के बेटे के ब्रिटेन में रहने वाले परिवार की ओर से पावर ऑफ अटॉर्नी भी मौजूद है. अपनी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि आरोपी असरार इकबाल शेख ने एक्ट्रेस के साथ गंभीर वित्तीय धोखाधड़ी की है.
क्या है पूरा मामला?
जांच में सामने आया है कि आरोपी केयरटेकर ने दिवंगत एक्ट्रेस निम्मी के नाम पर फर्जी साइन किए. इन फर्जी सिग्नचर्स का इस्तेमाल करके कुल 1.77 करोड़ रुपये अवैध तरीके से निकाल लिए गए. जो कि उसने साल 2021 से 2023 के बीच बैंक खातों में जमा रकम से निकाले हैं. इतना ही नहीं, आरोपी पर सिर्फ बैंक खातों से पैसे हड़पने का ही नहीं, बल्कि निम्मी की दूसरी संपत्तियों का भी कथित तौर पर गबन करने का गंभीर आरोप है.
जुहू के फ्लैट्स की बिक्री पर रोक
इस हाई-प्रोफाइल धोखाधड़ी और संपत्ति के अवैध गबन के मामले में निम्मी के परिवार ने कानूनी सख्ती दिखाते हुए बड़ा कदम उठाया है. परिवार ने जुहू में स्थित दिवंगत एक्ट्रेस के दो विवादित फ्लैटों की अवैध बिक्री पर बॉम्बे हाईकोर्ट से रोक लगवा दी है. ताकि आरोपी या कोई दूसरा व्यक्ति संपत्ति को ठिकाने न लगा सके.
पुलिस की आगे की कार्रवाई
सांताक्रूज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 62 साल के आरोपी असरार इकबाल शेख को दबोच लिया है. फिलहाल, पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वित्तीय धोखाधड़ी और संपत्ति के गबन के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं. वहीं, एक्ट्रेस की दूसरी संपत्तियों को किस तरह नुकसान पहुंचाया गया है.

