Javed Akhtar On Ramayana: इस वक्त सिनेमाघरों में नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ जमकर धूम मचा रही है. रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी को लोगों का भर-भरकर प्यार मिल रहा है. हर तरफ इस फिल्म के चर्चे हो रहे हैं. इसी बीच राइटर जावेद अख्तर ने भी ‘रामायण’ और भगवान राम को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. हाल ही में मीडिया से बात करते हुए जावेद अख्तर ने बताया कि, उन्होंने खुद अभी तक ‘रामायण’ नहीं देखी है. लेकिन उनकी बेटी और फिल्ममेकर जोया अख्तर यह फिल्म देख चुकी हैं.
दरअसल मंगलवार को मुंबई में इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी (IPRS) में हुए एक लॉन्च इवेंट में जावेद अख्तर शामिल हुए थे. इस दौरान जावेद अख्तर ने हंसते हुए कहा, ”मैंने अभी फिल्म नहीं देखी है, लेकिन जोया ने इसे देखा है और वो इसकी जमकर तारीफ कर रही हैं. जोया किसी चीज की तारीफ बहुत मुश्किल से करती हैं. सच कहूं तो मैंने आज तक उन्हें अपनी भी तारीफ करते हुए नहीं सुना है.”
‘हर भारतीय के खून में है राम का सार’
बातचीत के दौरान जावेद अख्तर ने भगवान राम की लोकप्रियता और उनके आदर्शों पर भी अपने विचार रखे. उन्होंने कहा कि ”भगवान राम किसी एक धर्म या सीमा तक बंधे हुए नहीं हैं. राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि वो एक आदर्श हैं, एक नैतिकता हैं और जीवन जीने का एक तरीका हैं. जब आप उनके गुणों को देखते और समझते हैं, तो वो सीधे आपके दिल को छू जाते हैं.”
उन्होंने यह भी कहा ”हो सकता है कि कई लोग मुझसे नाराज हों, लेकिन राम का सार हर भारतीय के खून में है, चाहे उसका धर्म कुछ भी हो. कभी-कभी उन्हें एक व्यक्ति के रूप में दिखाया जाता है. लेकिन उनका व्यक्तित्व इससे कहीं बड़ा है. वो जीवन जीने का एक तरीका हैं.”
कब फिल्म देखेंगे जावेद अख्तर?
इस दौरान जावेद अख्तर ने क्लीयर किया कि, उनकी बेटी फिल्म देख चुकी हैं और उसकी काफी तारीफ भी की है. वो भी जल्द ही इस पिक्चर को देखेंगे.
अपने गानों और सिनेमा पर भी बोले जावेद अख्तर
इस मौके पर जब उनसे पूछा गया कि फिल्म ‘स्वदेश’ में उनके लिखे गाने ‘पल पल है भारी’ आज भी लोगों के दिलों में बसे हैं. जबकि नई ‘रामायण’ के म्यूजिक को वैसा रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा है. इस पर उन्होंने बेबाक अंदाज में कहा, ”इसका सीधा सा जवाब है कि मैं एक अच्छा राइटर हूं, इसलिए मेरी लिखी लाइन्स लोगों के दिलों को छूती हैं.” इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड की फॉर्मूला फिल्मों और सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग’ की भी जमकर तारीफ की.

