Gen Z Alcohol Trend: आज की Gen Z अपनी कमाई कहां खर्च कर रही है, इसे लेकर सोच बदल रही है. कभी दोस्तों के साथ पार्टी और वीकेंड पर शराब पीना युवाओं के लिए आम बात मानी जाती थी, लेकिन अब तस्वीर कुछ अलग नजर आ रही है. अमेरिका में युवा शराब से दूरी बना रहे हैं.
इसकी वजह सिर्फ सेहत नहीं, बल्कि खर्च और बेवजह के विवादों से बचना भी है. वहीं, भारत में इसका उलटा ट्रेंड देखने को मिल रहा है. यहां कम उम्र के युवाओं में शराब पीने वालों की संख्या बढ़ रही है. यानी एक ही उम्र के युवाओं की पसंद अमेरिका और भारत में अलग-अलग दिशा में जाती दिख रही है.
अमेरिका में युवा शराब से दूरी क्यों बना रहे हैं?
अमेरिका में Gen Z के बीच शराब पीने का चलन कम हो रहा है. गैलप के विश्लेषण के मुताबिक, 2015-17 के दौरान 18 से 29 साल के 71% युवा शराब पीते थे. 2024-26 में यह आंकड़ा घटकर 55% रह गया. यानी करीब 16 प्रतिशत अंक की गिरावट आई है. खास बात यह है कि पिछले तीन साल में युवाओं ने बाकी उम्र के लोगों के मुकाबले भी कम शराब पी है.
मिशिगन यूनिवर्सिटी के सर्वे में भी यही बदलाव नजर आया. इसके मुताबिक, 2025 में 19 से 30 साल के 24% युवाओं ने पिछले महीने कम से कम एक बार पांच या उससे ज्यादा ड्रिंक ली थीं. दस साल पहले यह आंकड़ा 31% था.
सेहत के साथ खर्च की भी चिंता (Gen Z Alcohol Trend)
अमेरिकी युवाओं के शराब से दूरी बनाने के पीछे कई वजहें हैं. वे अपनी सेहत को लेकर पहले से ज्यादा सजग हो रहे हैं. इसके अलावा शराब पीने के बाद होने वाले झगड़े और विवाद भी उन्हें इससे दूर कर रहे हैं.
23 वर्षीय युवा टायलर विल्सन के मुताबिक, नशे में होने वाले झगड़ों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाते हैं. इससे भी युवा शराब पीने से बचना चाहते हैं. वहीं, दोस्तों के साथ बाहर जाकर पीना अब जेब पर भी भारी पड़ता है. क्लब की एंट्री फीस से लेकर टैक्सी का किराया तक खर्च बढ़ा देता है. सुरक्षित घर लौटने की चिंता भी रहती है.
भारत में क्यों बढ़ रही है शराब पीने वालों की संख्या?
अमेरिका से अलग भारत में युवा शराब की ओर ज्यादा बढ़ते नजर आ रहे हैं. आईडब्ल्यूएसआर के बीयरट्रैक सर्वे के अनुसार, 21 से 28 साल के युवाओं में शराब पीने का आंकड़ा 2023 में 60% था. 2025 में यह बढ़कर 70% और मार्च 2026 में 80% हो गया. यानी तीन साल में 20 प्रतिशत अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
Gen Z की लाइफस्टाइल में क्या दिख रहा है बदलाव?
इन आंकड़ों से साफ है कि Gen Z की लाइफस्टाइल हर जगह एक जैसी नहीं है. अमेरिका में युवा सेहत, खर्च और निजी सुरक्षा को ध्यान में रखकर शराब से दूरी बना रहे हैं, जबकि भारत में शराब पीने वालों का आंकड़ा बढ़ रहा है.
ऐसे में यह समझना जरूरी है कि पार्टी और दोस्तों के साथ मस्ती के नाम पर शराब पीना कोई जरूरत नहीं है. अपनी सेहत और खर्च का ध्यान रखते हुए फैसले लेना ही बेहतर लाइफस्टाइल की पहचान है.
यह भी पढ़ें: आखिर क्या होता है Delulu? Gen Z की जुबान पर क्यों चढ़ा है ये शब्द
The post अमेरिका में Gen Z ने शराब से बनाई दूरी, भारत में क्यों बढ़ रहा पीने का चलन? आंकड़े चौंकाएंगे appeared first on Prabhat Khabar.

