Ramayana Box Office Collection Day 6: रणबीर कपूर की फिल्म रामायण को रिलीज हुए 6 दिन का वक्त हो गया है. इस माइथोलॉजिकल मूवी ने 6 दिनों में ही अपने कलेक्शन से चौंका दिया है और बंपर कमाई की है. फिल्म को जैसी शुरुआत मिली थी उस दौरान एक ही सवाल खड़ा हो रहा था कि आखिर फिल्म को बजट और प्रमोशन्स के हिसाब से वैसी स्टार्ट क्यों नहीं मिली जिसकी उम्मीद की जा रही थी. लेकिन अब इन सभी सवालों के जवाब मिल गए हैं. रामायण फिल्म ने वीकेंड से ज्यादा तो वीकडेज में कमा कर दिखा दिए हैं. और ये सिलसिला तो अभी बस शुरू हुआ है.

फिल्म अब अपने रंग में नजर आ रही है. इसके एक्शन से लेकर कास्टिंग तक की और शानदार VFX की खूब तारीफ हो रही है. अब इस फिल्म का और क्या कमाल देखने को मिलेगा ये तो आने वाले समय में पता चलता ही जाएगा. आइए जानते हैं कि 6 दिन में रामायण ने कितना कलेक्शन कर लिया है और ये किन 5 फिल्मों से आगे निकल गई है.

रामायण ने कितने कमाए?

रणबीर कपूर की रामायण ने सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक रिलीज के 6वें दिन 94 करोड़ रुपये कमाए हैं. फिल्म ने ग्रॉस कलेक्शन के तौर पर 112.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. वहीं ओवरसीज कलेक्शन के मामले में इस फिल्म ने 35 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. इस लिहाज से 6वें दिन ही दुनियाभर में इस फिल्म ने 147.60 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है. अभी तक फिल्म ने नेट कलेक्शन के मामले में 6 दिन में 440.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. वहीं दूसरी तरफ इस फिल्म ने ग्रॉस कलेक्शन के मामले में 6 दिन में 526.50 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है.

विदेश से इस फिल्म ने धमाकेदार कलेक्शन कर के दिखाया है और 6 दिनों में इसका ओवरसीज कलेक्शन 297 करोड़ रुपये का हो चुका है. इसे अगर जोड़ लिया जाए तो फिल्म का अब तक का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 823.50 करोड़ रुपये का हुआ है. ये अपने आप में असाधारण है. आने वाले वक्त में भी फिल्म से ऐसे ही कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है. अब जरा सोचिए कि अगर वीकडेज में फिल्म की कमाई ऐसी है तो फिर इस वीकेंड में फिल्म क्या धमाल मचाने वाली है.

ये भी पढ़ें- असम के कारीगरों ने तैयार किया रामायण के लिए राम और लक्ष्मण का कवच, महीनों तक नहीं पता था किस फिल्म के लिए कर रहे काम

किन 5 फिल्मों को रामायण ने छोड़ा पीछे?

रामायण फिल्म की बात करें तो इसने अपनी रिलीज के 6वें दिन ही कमाल का प्रदर्शन किया है और भारतीय सिनेमा के इतिहास की 5 बड़ी फिल्मों का खेल तमाम कर दिया है. इस फिल्म ने 650 करोड़ रुपये कमाने वाली बाहुबली पार्ट 1 के लाइफटाइम कलेक्शन को 6 दिन में पीछे छोड़ दिया है. वहीं इस फिल्म ने 691.08 करोड़ का कलेक्शन करने वाली गदर 2 का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. इस फिल्म ने 723.70 करोड़ कमाने वाली 2.0 को भी धूल चटा दी है. इसके अलावा फिल्म ने 769.89 करोड़ रुपये का कलेक्शन करने वाली आमिर खान की मूवी पीके को भी पीछे छोड़ दिया है. इसके अलावा इस मूवी ने विकी कौशल के करियर की हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म छावा को भी पछाड़ दिया है जिसने 807.91 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. अब ये फिल्म बुधवार को भी अपनी कमाई से कई फिल्मों का काम तमाम करने की तैयारी में है जिसमें सबसे पहला नंबर थिएटर्स में लगी रजनीकांत की मूवी जेलर 2 का है.