Winter Plant Care Tips: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही घर में लगे पौधों की देखभाल का तरीका भी बदल जाता है. कुछ पौधों के लिए यह मौसम अच्छा होता है, लेकिन कुछ पौधों को ठंड से बचाकर रखना पड़ता है. खासकर सुबह और शाम के समय चलने वाली ठंडी हवा और कम धूप का असर पौधों पर पड़ सकता है. इससे उनकी पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं और पौधे की बढ़त भी धीमी हो जाती है.
तुलसी, मनी प्लांट और गुड़हल ऐसे ही पौधे हैं, जिन्हें सर्दियों में थोड़ी ज्यादा देखभाल की जरूरत होती है. अगर समय पर इनका ध्यान न रखा जाए, तो पौधे मुरझाने लगते हैं. ऐसे में कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपने पौधों को सर्दियों में भी हरा-भरा रख सकते हैं. आइए जानते हैं इनकी देखभाल कैसे करनी चाहिए.
तुलसी के पौधे को ठंड से कैसे बचाएं
तुलसी का पौधा लगभग हर घर में देखने को मिल जाता है. कई घरों में इसकी रोज पूजा भी की जाती है. लेकिन ठंड बढ़ने पर तुलसी के पौधे का खास ध्यान रखना पड़ता है. ज्यादा ठंड पड़ने से इसकी पत्तियां काली पड़ सकती हैं और किनारे सूखने लगते हैं. कई बार पौधे की बढ़त भी रुक जाती है.
इस तरह करें तुलसी की देखभाल
- तुलसी के गमले को ऐसी जगह रखें, जहां रोज सुबह 4-5 घंटे धूप आती हो.
- रात में ज्यादा ठंड होने पर गमले को किसी छत वाली सुरक्षित जगह पर रख दें.
- पौधे को ऐसी जगह न रखें, जहां सीधे ठंडी हवा आती हो.
- सर्दियों में मिट्टी जल्दी नहीं सूखती है. इसलिए रोज पानी डालने से बचें.
- जब गमले की ऊपर वाली मिट्टी सूखी लगे, तभी पौधे में पानी डालें.
मनी प्लांट को सर्दियों में कैसे रखें हरा-भरा
मनी प्लांट घर की सजावट के लिए काफी पसंद किया जाता है. इसे घर के अंदर भी आसानी से रखा जा सकता है. लेकिन सर्दियों में ज्यादा ठंड और जरूरत से ज्यादा पानी मिलने पर इसकी पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं. कई बार पौधा सूखने भी लगता है. इसलिए इस मौसम में मनी प्लांट को सही जगह रखना जरूरी है.
मनी प्लांट की देखभाल के आसान तरीके
- मनी प्लांट के गमले को ऐसी खिड़की के पास रखें, जहां अच्छी रोशनी आती हो.
- रात के समय इसे ठंडी हवा के सीधे संपर्क में न रखें.
- पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां तेज धूप के बजाय हल्की रोशनी आती हो.
- मिट्टी सूखने पर ही इसमें पानी डालें.
- पत्तियों पर धूल जम जाए, तो मुलायम कपड़े से धीरे-धीरे साफ कर दें.
गुड़हल के पौधे को ठंड में कैसे बचाएं
गुड़हल का पौधा अपने बड़े और सुंदर फूलों के लिए जाना जाता है. इसके फूल घर के आंगन और बालकनी की खूबसूरती बढ़ा देते हैं. हालांकि, सर्दियों में ज्यादा ठंड पड़ने पर इस पौधे की पत्तियां पीली हो सकती हैं. इसकी कलियां भी झड़ने लगती हैं. इस मौसम में पौधे को सही मात्रा में धूप और पानी देना जरूरी है.
गुड़हल के पौधे की ऐसे करें देखभाल
- गुड़हल के गमले को ऐसी जगह रखें, जहां रोजाना 4-6 घंटे धूप आती हो.
- कोशिश करें कि पौधे को सुबह की धूप जरूर मिले.
- ज्यादा ठंड या पाला पड़ने की आशंका हो, तो गमले को किसी सुरक्षित जगह पर रख दें.
- मिट्टी की ऊपर वाली परत सूखने पर ही पानी डालें.
- सर्दियों में पौधे में बार-बार खाद डालने से बचें.
यह भी पढ़ें: गेंदे के पौधे में चाहिए ढेर सारे फूल, तो घर की इन 3 चीजों का करें इस्तेमाल
The post सर्दियों में सूख सकते हैं घर में लगे ये 3 पौधे, हरा-भरा रखने के लिए अपनाएं ये तरीके appeared first on Prabhat Khabar.

