Nail Polish Side Effects For Kids: छोटे बच्चे अक्सर अपने माता-पिता को देखकर उनकी नकल करने लगते हैं. अगर मां नेल पेंट लगाती है, तो बच्चा भी अपने नाखूनों को रंगने की जिद कर सकता है. कई बार माता-पिता बच्चे की खुशी के लिए उसके नाखूनों पर भी नेल पॉलिश लगा देते हैं. लेकिन बच्चों के नाखून बड़ों की तरह मजबूत नहीं होते. ऐसे में उन पर नेल पेंट लगाना सही है या नहीं, इस बारे में जानना जरूरी है. पीडियाट्रिशियन डॉ. सुमित्रा मीणा ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में बताया है कि छोटे बच्चों को नेल पेंट लगाने से किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
बच्चों के नाखूनों पर नेल पेंट लगाने से क्या हो सकता है?
पीडियाट्रिशियन डॉ. सुमित्रा मीणा के मुताबिक, छोटे बच्चों के नाखून बड़ों के मुकाबले पतले और नाजुक होते हैं. नेल पेंट में कुछ ऐसे केमिकल होते हैं, जिनके संपर्क में आने से बच्चों को परेशानी हो सकती है. इनमें फॉर्मल्डिहाइड, टोल्यून और डाइब्यूटाइल फ्थैलेट (DBP) जैसे केमिकल शामिल हैं.
डॉक्टर बताती हैं कि इन केमिकल के लंबे समय तक संपर्क में रहने से बच्चे की ग्रोथ, हार्मोन और दिमाग के विकास पर असर पड़ने की आशंका रहती है. इसलिए छोटे बच्चों के नाखूनों पर बार-बार नेल पॉलिश लगाने से बचना चाहिए.
बच्चे के मुंह में जा सकता है नेल पेंट
छोटे बच्चों की एक आम आदत होती है कि वे खेलते समय बार-बार अपनी उंगलियां मुंह में डालते हैं. कुछ बच्चे अपने नाखून भी चबाते हैं. ऐसे में अगर उनके नाखूनों पर नेल पेंट लगा है, तो उसके छोटे-छोटे टुकड़े मुंह के जरिए शरीर में जा सकते हैं. इससे नेल पेंट में मौजूद केमिकल भी बच्चे के शरीर तक पहुंच सकते हैं. इसी वजह से बच्चों के नाखूनों पर नेल पेंट लगाने से परहेज करना बेहतर है.
नेल पेंट हटाने वाला रिमूवर भी रखें दूर
डॉक्टर सुमित्रा मीणा के अनुसार, सिर्फ नेल पेंट ही नहीं, उसे हटाने के लिए इस्तेमाल होने वाला रिमूवर भी बच्चों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है. ज्यादातर नेल पेंट रिमूवर में एसीटोन होता है. इसके संपर्क में आने से बच्चे की त्वचा में रूखापन और जलन हो सकती है. इसके अलावा रिमूवर की तेज गंध से भी बच्चे को परेशानी हो सकती है. इसलिए बच्चों के नाखूनों पर नेल पेंट लगाने और फिर उसे रिमूवर से हटाने से बचना चाहिए.
बच्चा नेल पेंट लगाने की जिद करे तो क्या करें?
कई बार बच्चे माता-पिता को देखकर नेल पेंट लगाने की जिद करने लगते हैं. ऐसी स्थिति में उन्हें प्यार से समझाएं कि अभी उनके नाखून बहुत छोटे और नाजुक हैं. अगर कभी नेल पेंट लगाने का फैसला करते हैं, तो डॉक्टर ने 3-Free, 5-Free, 10-Free या 14-Free नेल पॉलिश का विकल्प बताया है. इस तरह की नेल पॉलिश में कुछ खास केमिकल नहीं मिलाए जाते हैं. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि ये पूरी तरह केमिकल फ्री या बच्चों के लिए पूरी तरह सुरक्षित हैं. इसलिए इनका इस्तेमाल भी बार-बार नहीं करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: बच्चे के गले में कुछ फंस जाए तो क्या करें? पीडियाट्रिशियन ने बताया तरीका
The post क्या आपका छोटा बच्चा भी करता है Nail Paint लगाने की जिद? डॉक्टर की ये बात जरूर जानें appeared first on Prabhat Khabar.

