Diwali Rangoli Designs: दिवाली पर घर की सजावट में रंगोली का अपना अलग महत्व होता है. घर के मुख्य दरवाजे से लेकर आंगन तक रंगोली बनाने से त्योहार की सुंदरता और बढ़ जाती है. अगर आप हर साल एक जैसी रंगोली बनाती हैं और इस बार कुछ नया करना चाहती हैं, तो कुछ आसान डिजाइन चुन सकती हैं. इसके लिए आपको ज्यादा सामान की भी जरूरत नहीं होगी. फूलों, रंगों और दीयों की मदद से आप घर में सुंदर रंगोली बना सकती हैं. आइए देखते हैं 5 आसान और खूबसूरत डिजाइन.
दिवाली पर बनाएं ये 5 आसान रंगोली डिजाइन
1. मोर वाली रंगोली डिजाइन (Peacock Rangoli Design)

अगर आप इस दिवाली कुछ अलग बनाना चाहती हैं, तो मोर वाली रंगोली बना सकती हैं. इसके लिए पहले नीले और हरे रंग से मोर का आकार बनाएं. फिर उसके पंखों में पीले, गुलाबी और बैंगनी रंग भरें. आसपास छोटे फूल और दीये बनाकर इसे पूरा करें. यह डिजाइन घर के आंगन और मुख्य दरवाजे पर बहुत सुंदर लगेगी.
2. स्वास्तिक रंगोली डिजाइन (Swastik Rangoli Design)

दिवाली पर स्वास्तिक बनाना शुभ माना जाता है. आप घर के मुख्य दरवाजे पर स्वास्तिक वाली रंगोली बना सकती हैं. इसके लिए सबसे पहले सफेद रंग से स्वास्तिक बनाएं. फिर उसके चारों ओर लाल, पीले और हरे रंग से फूलों या छोटी आकृतियों का डिजाइन तैयार करें. रंगोली के पास छोटे दीये रखने से यह और सुंदर दिखेगी.
3. फूलों वाली रंगोली (Flower Rangoli Design)

फूलों से बनी रंगोली देखने में बहुत सुंदर लगती है. इसे बनाने के लिए गेंदे, गुलाब और सफेद फूलों की पंखुड़ियों का इस्तेमाल करें. सबसे पहले जमीन पर अपनी पसंद का आकार बनाएं. फिर अलग-अलग रंगों के फूलों से उसे भर दें. आप गोल, चौकोर या फूल के आकार की रंगोली बना सकती हैं. बीच में एक दीया रखने से इसकी सुंदरता और बढ़ जाएगी.
4. स्क्वायर कॉर्नर रंगोली (Square Corner Rangoli)

अगर घर में रंगोली बनाने के लिए ज्यादा जगह नहीं है, तो चौकोर डिजाइन बना सकती हैं. इसे घर के दरवाजे के पास या किसी खाली कोने में आसानी से बनाया जा सकता है. इसके लिए पहले एक बड़ा चौकोर आकार बनाएं. फिर उसके अंदर छोटे चौकोर और गोल आकार तैयार करें. इसमें दो या तीन रंगों का इस्तेमाल करें. यह छोटी रंगोली भी देखने में काफी सुंदर लगेगी.
5. गेंदे के फूल और दीये वाली रंगोली (Marigold Flower Diya Rangoli)

फूलों और दीयों से बनी यह रंगोली दिवाली के लिए अच्छी रहेगी. इसे बनाने के लिए गेंदे के फूलों की पंखुड़ियों से दीये का आकार तैयार करें. इसके बीच में एक छोटा दीया रख दें. आप इसके आसपास सफेद फूलों या रंगों से भी सजावट कर सकती हैं. यह रंगोली घर के मुख्य दरवाजे पर बहुत सुंदर लगेगी.
रंगोली बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
- रंगोली बनाने से पहले जमीन को अच्छी तरह साफ कर लें.
- सबसे पहले चॉक या सफेद रंग से डिजाइन की आउटलाइन बना लें.
- रंग भरते समय ध्यान रखें कि एक रंग दूसरे रंग में न मिले.
- फूलों वाली रंगोली के लिए ताजे फूलों का इस्तेमाल करें.
- रंगोली के आसपास दीये या छोटी लाइट लगाएं, इससे यह और सुंदर दिखेगी.
यह भी पढ़ें: दिवाली पर बाजार जैसा तोरण चाहिए? घर पर इन आसान तरीकों से करें तैयार
The post दिवाली पर ट्राई करें ये 5 रंगोली, मिनटों में सज जाएगा घर का आंगन appeared first on Prabhat Khabar.

