विराट कोहली की एक झलक पाने के लिए फैंस किस हद तक बेताब रहते हैं, इसकी झलक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में देखने को मिली. भारतीय स्टार के एयरपोर्ट पहुंचते ही उन्हें देखने के लिए समर्थकों की भीड़ जमा हो गई.  कोई उनके साथ सेल्फी लेना चाहता था, तो कोई ऑटोग्राफ पाने के लिए आवाज लगा रहा था. हालात ऐसे हो गए कि कोहली को भीड़ के बीच से निकालने के लिए सुरक्षा कर्मियों को आगे आना पड़ा. इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

30 अक्टूबर को ऑकलैंड पहुंचे कोहली का फैंस ने जोरदार स्वागत किया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में समर्थक बैरिकेड के पीछे खड़े होकर उनका नाम पुकारते नजर आ रहे हैं. कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इस पल को रिकॉर्ड किया. कुछ फैंस ऐसे पोस्टर भी लेकर आए थे, जिनमें उन्हें जन्मदिन की अग्रिम बधाई दी गई थी. कोहली का जन्मदिन 5 नवंबर को है.

Just Look At Virat Kohli Madness In Auckland When she finally got her poster signed and said "zindagi ka sapna pura ho gaya mera", that hits different. Tears of pure happiness. 😭🐐 #viratkohli #kingkohli #indvsnz https://t.co/5BYgmBSFLa

— Abcricinfo news (@Dailydosecric) October 30, 2026

भीड़ के बीच कोहली ने हाथ उठाकर लोगों को शांत रहने का इशारा किया. एक महिला फैन लगातार उनसे ऑटोग्राफ मांग रही थी. कोहली ने उसे शांत होने के लिए कहा और फिर उसके पोस्टर पर साइन किए. इसके बाद सुरक्षा कर्मियों की मदद से वो एयरपोर्ट से बाहर निकले.

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज पर नजर

कोहली अब न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की वनडे सीरीज में खेलते नजर आएंगे. सीरीज का पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होगा. दूसरा मैच 7 नवंबर को वेलिंगटन और तीसरा 10 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा. आखिरी दो मुकाबले 13 और 15 नवंबर को माउंट मौंगानुई में होंगे.

वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था शतक

न्यूजीलैंड दौरे से पहले कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था. पहले मुकाबले में उन्होंने 88 गेंदों पर बिना आउट हुए 139 रन बनाए थे. दूसरे मैच में उन्होंने 29 रन बनाए, जबकि तीसरे मुकाबले में वो पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे.

न्यूजीलैंड में भी कोहली का रिकॉर्ड अच्छा रहा है. उन्होंने यहां 13 वनडे पारियों में 596 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं. अब फैंस को उम्मीद होगी कि वो आगामी सीरीज में भी अपने बल्ले से कमाल दिखाएंगे.

यह भी पढ़ें: OMG! 27 छक्के वाली पारी, 36 गेंद में ठोक दिए 135 रन, ऑस्ट्रेलिया ने मचाया कोहराम