Khalnayak Returns: संजय दत्त के खाते में इस वक्त कई प्रोजेक्ट्स हैं. कई बड़ी फिल्मों में वो इस साल दिखे हैं, जिनमें से कुछ ने बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड्स ही ध्वस्त कर दिए. तो जिन फिल्मों में वो बतौर लीड दिखे या विलेन बने दिखे, उनका बुरा हाल हो गया. इन सबके बीच वो लगातार नई-नई फिल्मों पर काम कर रहे हैं. और इन प्रोजेक्ट्स में से एक है- ‘खलनायक रिटर्न्स’, जिसका कुछ वक्त पहले ही ऐलान हुआ था. फिल्म के लिए सही डायरेक्टर की तलाश भी की जा रही थी. इन सबके बीच जहां सही कास्टिंग की तलाश जारी है. अब ऐसी चर्चा है कि सलमान खान इस पिक्चर का हिस्सा बन सकते हैं.

हाल ही में मिड डे पर एक रिपोर्ट छपी. जिसमें कहा गया कि, सुभाष घई, जिन्होंने पहली फिल्म को डायरेक्ट किया था और इस दूसरे पार्ट में क्रिएटिव कंसल्टेंट हैं. उन्होंने फिलहाल राइटर्स की टीम के साथ मिलकर कुछ प्लान किया है. दरअसल सलमान खान को ध्यान में रखते हुए एक पुलिस वाले का किरदार तैयार किया गया है. सलमान खान और संजय दत्त इस फिल्म में आमने-सामने आने वाले हैं क्या?

कैसा होगा पुलिसवाले का किरदार?

इसी रिपोर्ट से पता लगा कि, जो पुलिसवाला किरदार फिलहाल प्लान किया जा रहा है. वो इस कहानी पर गहरा असर डालता है. प्लानिंग यह भी है कि यह पुलिस वाला, जो एक नेक इंसान है, संजय दत्त के किरदार की मदद करेगा. इस हेल्पिंग किरदार को निभाने के लिए सलमान से बेहतर कौन हो सकता है? फिलहाल अभी कास्टिंग फाइनल नहीं हुई है क्योंकि स्क्रिप्ट पर काम चल ही रहा है. हालांकि, ऐसा होता है तो फिर यह सुपरस्टार का सुभाष घई के साथ दूसरा प्रोजेक्ट होगा. क्योंकि इससे पहले उन्होंने ‘युवराज’में साथ काम किया था.

हालांकि, इस बारे में सुभाष घई से बात की, तो उन्होंने कहा, ”अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी, स्क्रिप्टिंग का काम चल रहा है. और जब पूरी स्क्रिप्ट तैयार हो जाएगी, तब हमें स्थिति साफ हो पाएगी.”

कब आया था फिल्म का पहला पार्ट?

सुभाष घई के डायरेक्शन में बनी सुपरहिट फिल्म ‘खलनायक’ 6 अगस्त 1993 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. उस समय इस फिल्म ने भारत में लगभग 12 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था. वहीं, कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 21 से 24 करोड़ के बीच रहा था. जो उस दौर के हिसाब से बहुत बड़ी कमाई थी.

कब हुआ था पार्ट 2 का ऐलान?

‘खलनायक रिटर्न्स’ का फिल्ममेकर सुभाष घई और संजय दत्त ने अप्रैल 2026 में ऐलान किया था. इससे पहले अगस्त 2023 में फिल्म के 30 साल पूरे होने और ‘गदर 2’ की सफलता के दौरान सुभाष घई ने पहली बार इसका हिंट दिया था. उन्होंने बताया था कि वो संजय दत्त के साथ इसके सीक्वल की कहानी पर काम कर रहे हैं.