Jailer 2 Box Office Day 15: रजनीकांत की जेलर 2 बढ़ते वक्त के साथ कई रिकॉर्ड भी सेट कर रही है. फिल्म की कमाई में पिछले 3 दिनों से भले ही गिरावट देखने को मिली है. लेकिन इसके बाद भी इस फिल्म का कलेक्शन कमाल का रहा है. साथ ही इसने कई बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है. जेलर 2 के कलेक्शन के ताजा आंकड़े आ गए हैं. फिल्म धीरे-धीरे ही सही लेकिन 1000 करोड़ की ओर बढ़ रही है.

लेकिन इसे आने वाले वक्त में बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा. आने वाले समय में रामायण के साथ ही तमिल में भी दो फिल्में दस्तक दे रही हैं. ऐसे में इस फिल्म के लिए 1000 करोड़ के करीब पहुंचने के लिए 5-6 दिन का ही वक्त है. ऐसे में ये वीकेंड जेलर 2 के कलेक्शन के लिहाज से काफी अहम हो जाता है.

जेलर 2 ने कितने रुपये कमाए?

रजनीकांत की जेलर 2 फिल्म ने सिनेमाघरों में सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक 15वें दिन 5.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. ये इस फिल्म का अब तक का सबसे कम कलेक्शन है. इसके अलावा फिल्म ने 15 दिनों में नेट कलेक्शन के मामले में 429.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर के दिखा दिया है. वहीं दूसरी तरफ फिल्म ने ग्रॉस कलेक्शन के मामले में 502.65 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. फिल्म ने ओवरसीज कलेक्शन के मामले में ताबड़तोड़ कलेक्शन किया है. इस फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन 262.50 करोड़ रुपये का हो चुका है. इसे अगर मिला लिया जाए तो फिल्म ने वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में 765.15 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है.

ये भी पढ़ें- बिना रोमांटिक सॉन्ग्स वाली फिल्में ठुकरा देते हैं हिमेश रेशमिया, म्यूजिक डायरेक्टर ने बताई वजह

बाहुबली समेत इन 5 फिल्मों को जेलर 2 ने छोड़ा पीछे

जेलर 2 ने 15 दिन में ही भारतीय सिनेमा की 5 बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है और टॉप 20 फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है. फिल्म ने 765.15 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. इसी के साथ इसने सलमान खान की सुल्तान फिल्म को पीछे छोड़ दिया है जिसने 614.49 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. फिल्म ने 617.7 करोड़ कमाने वाली प्रभास की सालार को भी मात दे दी है.

जेलर 2 ने 650 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करने वाली प्रभास की बाहुबली को भी धूल चटा दी है. इसके अलावा जेलर 2 ने 691.08 करोड़ की कमाई करने वाली गदर 2 को भी पछाड़ दिया है. साथ ही 723.70 करोड़ की कमाई करने वाली 2.0 को भी पीछे छोड़ दिया है. अब जेलर 2 का अगला टारगेट पीके है जिसने 770 करोड़ कमाए हैं.