Hair Porosity Test: बालों की देखभाल करने के लिए सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि आपके बालों को किस चीज की जरूरत है. कई बार लोग अच्छे शैंपू, कंडीशनर, हेयर सीरम और मास्क इस्तेमाल करते हैं, फिर भी बाल रूखे और बेजान नजर आते हैं. इसकी एक वजह बालों की सही जरूरत को न समझना भी हो सकती है.
दरअसल, हर किसी के बाल एक जैसे नहीं होते. कुछ बालों में नमी आसानी से पहुंच जाती है, तो कुछ बालों को पानी सोखने में ज्यादा समय लगता है. बालों की इसी खासियत को हेयर पोरसिटी (Hair Porosity) कहा जाता है. अगर आप भी अपने बालों की सही देखभाल करना चाहती हैं, तो पहले उनकी पोरसिटी के बारे में जान लें. इसके लिए घर पर एक आसान वॉटर फ्लोट टेस्ट कर सकती हैं.
क्या होती है हेयर पोरसिटी?
आसान भाषा में समझें तो बाल कितनी आसानी से पानी और नमी सोखते हैं और उन्हें कितनी देर तक अपने अंदर रखते हैं, इसे हेयर पोरसिटी कहते हैं. हमारे बालों के बाहर एक पतली परत होती है, जिसे क्यूटिकल कहा जाता है. यह परत बालों में नमी जाने और उसे बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है.
हेयर पोरसिटी मुख्य रूप से तीन तरह की होती है.
1. लो पोरसिटी
इस तरह के बालों की बाहरी परत काफी बंद होती है. इसलिए पानी बालों के अंदर धीरे-धीरे पहुंचता है. ऐसे बाल धोते समय देर से गीले होते हैं. वहीं, तेल और दूसरे हेयर प्रोडक्ट्स भी कई बार बालों के ऊपर ही रह जाते हैं. ऐसे बालों की देखभाल के लिए हल्के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है.
2. मीडियम पोरसिटी
इस तरह के बाल नमी को आसानी से सोख लेते हैं और उसे कुछ समय तक बनाए भी रखते हैं. इन बालों की देखभाल करना आमतौर पर आसान होता है. सही शैंपू, कंडीशनर और मॉइश्चराइजर से इन्हें अच्छा रखा जा सकता है.
3. हाई पोरसिटी
इस तरह के बाल पानी और नमी को जल्दी सोख लेते हैं, लेकिन उसे ज्यादा समय तक अपने अंदर नहीं रख पाते. इस वजह से बाल जल्दी रूखे, उलझे और घुंघराले नजर आ सकते हैं. ऐसे बालों को नमी देने वाले प्रोडक्ट्स की जरूरत होती है.
घर पर कैसे करें हेयर पोरसिटी टेस्ट?
अपने बालों की पोरसिटी जानने के लिए आप घर पर वॉटर फ्लोट टेस्ट कर सकती हैं. इसे करने के लिए आपको सिर्फ एक साफ गिलास और पानी की जरूरत होगी.
- सबसे पहले बालों को शैंपू से अच्छी तरह धो लें. ध्यान रखें कि बालों में तेल, सीरम या कंडीशनर नहीं लगा होना चाहिए.
- अब बालों को पूरी तरह सूखने दें.
- एक साफ कांच का गिलास लें और उसमें सामान्य तापमान का पानी भर लें.
- अपने सिर से एक साफ और छोटा बाल लें. ध्यान रखें कि बाल पर कोई हेयर प्रोडक्ट न लगा हो.
- अब इस बाल को पानी में डाल दें.
- कुछ मिनट तक बाल को बिना छेड़े देखें कि वह पानी की सतह पर है, बीच में है या गिलास के नीचे पहुंच गया है.
पानी में बाल की स्थिति से कैसे पहचानें पोरसिटी?
अगर बाल पानी के ऊपर तैरता रहे: तो इसे लो पोरसिटी का संकेत माना जाता है. ऐसे बालों में पानी धीरे पहुंचता है. इनकी देखभाल के लिए हल्के शैंपू और कंडीशनर का इस्तेमाल कर सकती हैं.
अगर बाल पानी के बीच में रहे: तो यह मीडियम पोरसिटी का संकेत हो सकता है. ऐसे बालों को सामान्य देखभाल और समय-समय पर कंडीशनिंग की जरूरत होती है.
अगर बाल गिलास के नीचे बैठ जाए: तो यह हाई पोरसिटी का संकेत माना जाता है. ऐसे बालों को नमी देने वाले कंडीशनर और हेयर मास्क की जरूरत हो सकती है. बालों को रूखेपन से बचाने के लिए उनकी सही देखभाल करना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: बालों की कितनी भी देखभाल कर लें, ये 6 गलतियां सब मेहनत कर सकती हैं खराब
The post एक गिलास पानी खोलेगा आपके बालों का राज, घर बैठे जानें Hair Porosity appeared first on Prabhat Khabar.

