How To Stay Fresh: नहाने के बाद हर कोई चाहता है कि शरीर साफ रहे और दिनभर ताजगी महसूस हो. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि नहाने के कुछ समय बाद ही शरीर से पसीने की गंध आने लगती है. ऐसे में लोग बार-बार परफ्यूम या बॉडी स्प्रे का इस्तेमाल करते हैं. इसके बावजूद कई बार गंध से छुटकारा नहीं मिलता. दरअसल, इसके पीछे शरीर में पसीना बनने और त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया की भूमिका होती है. इसके अलावा नहाने का तरीका, कपड़े और त्वचा की देखभाल से जुड़ी कुछ बातें भी शरीर की गंध पर असर डालती हैं. आइए जानते हैं कि नहाने के बाद भी शरीर से बदबू क्यों आने लगती है और दिनभर फ्रेश रहने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
पसीने से शरीर में बदबू कैसे आती है?
आमतौर पर लोग सोचते हैं कि पसीने की वजह से शरीर से बदबू आती है, लेकिन असल में ताजा पसीने में अपनी कोई गंध नहीं होती. इसमें ज्यादातर पानी और थोड़ी मात्रा में नमक व दूसरे तत्व होते हैं. शरीर से बदबू तब आने लगती है, जब त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया पसीने के साथ मिलते हैं.
हमारे शरीर में पसीना बनाने वाली दो तरह की ग्रंथियां होती हैं. पहली एक्राइन ग्रंथियां, जो शरीर के ज्यादातर हिस्सों में पाई जाती हैं. इनसे गर्मी या एक्सरसाइज के दौरान पानी जैसा पसीना निकलता है. दूसरी एपोक्राइन ग्रंथियां होती हैं, जो खासतौर पर बगल और जांघों के आसपास के हिस्सों में होती हैं. इनसे निकलने वाले पसीने में प्रोटीन और फैट की मात्रा ज्यादा होती है. जब त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया इसे तोड़ते हैं, तो बदबू पैदा होने लगती है.
नहाने के बाद भी शरीर से बदबू आने की क्या है वजह?
नहाने से शरीर पर जमा पसीना, गंदगी और बैक्टीरिया काफी हद तक साफ हो जाते हैं. इससे कुछ समय के लिए शरीर फ्रेश महसूस होता है. लेकिन नहाने के बाद भी त्वचा पर कुछ बैक्टीरिया रह जाते हैं. जैसे ही शरीर में गर्मी बढ़ती है और दोबारा पसीना निकलता है, ये बैक्टीरिया फिर से एक्टिव हो जाते हैं.
गर्मी और उमस के दिनों में यह परेशानी ज्यादा हो सकती है. इसके अलावा तनाव के समय भी शरीर से ज्यादा गंध वाला पसीना निकल सकता है. यही वजह है कि कुछ लोगों को नहाने के थोड़ी देर बाद ही शरीर से बदबू आने की शिकायत होने लगती है.
ऐसा बॉडी वॉश चुनें जो त्वचा को रखे साफ
दिनभर फ्रेश रहने के लिए नहाते समय इस्तेमाल किए जाने वाले बॉडी वॉश पर भी ध्यान देना चाहिए. बहुत तेज खुशबू वाले या ज्यादा स्ट्रॉन्ग बॉडी वॉश हर तरह की त्वचा के लिए सही नहीं होते. इनसे त्वचा रूखी हो सकती है. इसलिए ऐसा बॉडी वॉश चुनें जो शरीर से पसीना और गंदगी साफ करे और त्वचा को ज्यादा रूखा भी न बनाए. नहाते समय बगल और शरीर के उन हिस्सों की सफाई का खास ध्यान रखें, जहां ज्यादा पसीना आता है.
नहाने के बाद त्वचा पर लगाएं बॉडी मॉइस्चराइजर
कई लोग नहाने के बाद शरीर पर मॉइस्चराइजर लगाना जरूरी नहीं समझते. लेकिन त्वचा को मुलायम और नम बनाए रखने के लिए इसका इस्तेमाल करना अच्छा रहता है. नहाने के बाद तौलिए से शरीर को हल्के हाथों से पोंछें. इसके बाद जब त्वचा में थोड़ी नमी बाकी हो, तभी बॉडी मॉइस्चराइजर लगा लें. कोशिश करें कि नहाने के दो-तीन मिनट के अंदर इसे लगा लें. इससे त्वचा की नमी लंबे समय तक बनी रहती है और रूखापन कम होता है.
दिनभर फ्रेश रहने के लिए कपड़ों का भी रखें ध्यान
अगर नहाने के बाद भी शरीर से जल्दी बदबू आती है तो कपड़े पहनते समय भी कुछ बातों का ध्यान रखें. कॉटन और लिनेन जैसे कपड़े पहनना बेहतर रहता है. ये हवा को आसानी से आने-जाने देते हैं और पसीना सूखने में मदद करते हैं. वहीं कुछ सिंथेटिक कपड़ों में पसीना और नमी लंबे समय तक बनी रह सकती है.
इसके अलावा दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें. शरीर में पानी की कमी न होने दें. अगर अगले दिन कोई खास कार्यक्रम या मीटिंग है तो उससे एक रात पहले लहसुन और प्याज जैसे खाद्य पदार्थ कम खाना बेहतर हो सकता है. इनकी वजह से कुछ लोगों के शरीर की गंध पर असर पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: दिवाली पर होंठों को दें गुलाबी रंग, घर पर इस तरह बनाएं चुकंदर की लिपस्टिक
The post नहाने के बाद भी शरीर से आती है बदबू? दिनभर फ्रेश रहने के लिए अपनाएं ये टिप्स appeared first on Prabhat Khabar.

