बॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री में पर्दे के पीछे काम करने वाले तकनीशियनों और कलाकारों के साथ होने वाले बर्ताव को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर स्टंट कोऑर्डिनेटर और परफॉर्मर गीता टंडन ने एक्टर अनिल कपूर के होस्ट किए जा रहे शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ के मेकर्स और प्रोडक्शन टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं. गीता टंडन का आरोप है कि उन्हें और उनके बेटे को शो के सेट पर करीब 9 घंटे तक बिना किसी स्पष्ट जानकारी के टेंट में बिठाकर रखा गया और जब उन्होंने इस देरी पर सवाल उठाया, तो प्रोडक्शन टीम का रवैया बेहद अपमानजनक था. सोशल मीडिया पर आठ स्लाइड की एक लंबी पोस्ट शेयर करते हुए गीता ने पर्दे के पीछे काम करने वाले क्रू मेंबर्स के आत्मसम्मान और गरिमा का मुद्दा उठाया है.

गीता टंडन ने अपनी पोस्ट में बताया कि वे और उनके बेटे इस शो में बिना कोई फीस लिए केवल विजिबिलिटी और सम्मान के लिए बतौर गेस्ट शामिल होने आए थे. वे दोपहर 12:30 बजे सेट पर पहुंच गई थीं और उनसे कहा गया था कि कुछ ही घंटों में उनका सेगमेंट शूट कर लिया जाएगा. लेकिन देखते ही देखते पूरी दोपहर और शाम बीत गई और उन्हें रात 9:15 बजे तक एक टेंट में बिठाकर रखा गया. गीता के मुताबिक, जब उन्होंने अपनी प्रोफेशनल कमिटमेंट्स और गोवा से खास इस शूट के लिए बुलाए गए अपने बेटे के समय का हवाला देते हुए प्रोडक्शन मैनेजर जयदीप से अपडेट मांगा, तो उसने बेहद गैर-जिम्मेदाराना जवाब दिया. मैनेजर ने कहा, “अगर ये जाना चाहते हैं तो जाएं, लेकिन बिना साइन किए नहीं जा सकते.”

गीता ने इस रवैये पर गहरा दुख जताते हुए लिखा, “मैं वहां कोई अहसान मांगने नहीं आई थी. आपकी टीम ने मुझे बार-बार फोन करके आमंत्रित किया था। मैंने एक रुपये की मांग किए बिना अपना और अपने बेटे का कीमती समय दिया. कम से कम बुनियादी सम्मान की उम्मीद तो की ही जा सकती है. कैमरे के पीछे खड़े व्यक्ति को भी वही सम्मान मिलना चाहिए जो कैमरे के सामने खड़े व्यक्ति को मिलता है.”

View this post on Instagram

A post shared by Geeta Tandon (@geetastunt)

फराह खान और अनिल कपूर ने मांगी माफी

हालांकि गीता टंडन ने ये साफ किया कि वे अनिल कपूर, फराह खान या बैनिजॉय एशिया पर निजी तौर पर आरोप नहीं लगा रही हैं, बल्कि वे उन्हें पर्दे के पीछे की सच्चाई से रूबरू कराना चाहती थीं. पोस्ट सामने आने के बाद शो से जुड़ीं फराह खान ने तुरंत कमेंट कर माफी मांगी. फराह ने लिखा, “गीता जी, मुझे बेहद अफसोस है. मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि आप वहां थीं, क्योंकि मैं शाम को दूसरे एपिसोड की शूटिंग कर रही थी. अगर मुझे पता होता तो मैं आपको अपनी वैनिटी वैन में बिठाती. हमारे मन में आपके और आपके काम के लिए बहुत सम्मान है.”

शो के होस्ट अनिल कपूर ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया. अनिल कपूर ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “गीता जी, ये सुनकर मुझे वाकई बहुत दुख हुआ है. एक होस्ट के नाते मेरी हमेशा यह कोशिश रहती है कि शो में आने वाला हर मेहमान सम्मानित महसूस करे. आप और आपके बेटे हमारे मेहमान थे. मुझे खेद है कि आपको ऐसा अनुभव हुआ. मैं आपकी इस बात को गंभीरता से लेता हूं.” दोनों स्टार्स की प्रतिक्रिया के बाद गीता टंडन ने उनका आभार व्यक्त किया.

Anil Kapoor Apology

अनिल कपूर ने मांगी माफी

ये भी पढ़ें- किंग में शाहरुख खान और दिलजीत दोसांझ की जोड़ी मचाएगी धमाल, इस दिन आएगा गाना

जानिए कौन हैं स्टंट डायरेक्टर गीता टंडन?

हिंदी सिनेमा और टेलीविजन में गीता टंडन एक जाना-माना नाम हैं। वे बीते दो दशकों से अधिक समय से बतौर स्टंट परफॉर्मर और स्टंट कोऑर्डिनेटर काम कर रही हैं. उन्होंने बॉलीवुड की कई ए-लिस्ट एक्ट्रेस जैसे दीपिका पादुकोण, कटरीना कैफ और ऐश्वर्या राय बच्चन के लिए बॉडी डबल के रूप में काम किया है और स्क्रीन पर उनके खतरनाक स्टंट्स खुद परफॉर्म किए हैं.

‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘सिंघम’, ‘रा.वन’, ‘सुल्तान’ जैसी बड़ी फिल्मों और बहुचर्चित वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में उनके स्टंट्स की काफी तारीफ हुई है. इसके अलावा, वे लोकप्रिय एडवेंचर रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी सीजन 5’ में भी नजर आ चुकी हैं, जहां उन्हें खासतौर पर ऑन-स्क्रीन फायर स्टंट्स (आग वाले स्टंट) और हाई फॉल्स के लिए जाना जाता है.