सलमान खान के विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में ड्रामे और आपसी झगड़ों के बीच अब एक नया और गंभीर विवाद खड़ा हो गया है. शो में मनोरंजन के नाम पर व्यक्तिगत टिप्पणियों का दौर इस कदर बढ़ गया है कि अब घर के अंदर नस्लीय टिप्पणी का मुद्दा गरमा गया है. शो के लेटेस्ट एपिसोड के प्रोमो में काजी तौकीर और मशहूर गेमर व इन्फ्लुएंसर स्काउट ओपी के बीच हुई गंदी बहस के दौरान काजी ने मर्यादा लांघते हुए स्काउट को “जापानी गुड़िया” कह दिया. ओडिशा से ताल्लुक रखने वाले स्काउट पर उनके नार्थ ईस्ट वाले लुक के चलते कसा गया ये तंज अब सोशल मीडिया पर भारी बवाल की वजह बन चुका है.
विवाद की शुरुआत घर की ड्यूटियों को लेकर हुई बातचीत से हुई. स्काउट जब ड्यूटी से जुड़े किसी मुद्दे पर काजी को लेकर बात कर रहे थे, तो अरिश्फा खान और उदिति ने उनकी बातें सुन लीं और जाकर काजी को बता दीं. इसके बाद काजी सीधे स्काउट से भिड़ने पहुंच गए. बहस के दौरान दोनों के बीच बात इतनी बिगड़ गई कि काजी ने आपा खो दिया और स्काउट के शारीरिक फीचर्स पर व्यक्तिगत हमला करते हुए उन्हें जापानी गुड़िया कह दिया.
सोशल मीडिया पर भड़के फैंस
काजी तौकीर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर स्काउट के फैंस और बिग बॉस के दर्शकों का गुस्सा की तरह फूट पड़ा है. फैंस का मानना है कि पूर्वोत्तर या विशिष्ट भारतीय नैन-नक्श वाले लोगों के खिलाफ इस तरह की नस्ली तंज कसना पूरी तरह से अस्वीकार्य है. एक यूजर ने सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा,”नस्लवाद (रंग-रूप पर टिप्पणी) कोई मनोरंजन नहीं है! काजी तौकीर द्वारा #ScoutOP के पूर्वोत्तर भारतीय (नॉर्थ-ईस्ट) नैन-नक्श पर ‘जापानी गुड़िया’ कहना पूरी तरह से गलत है. नस्लीय रूढ़िवादिता (रंग-रूप के आधार पर कमेंट करना) को सामान्य नहीं बनाया जाना चाहिए! “इस पोस्ट में उन्होंने सलमान ख़ान और जियो हॉटस्टार को भी टैग करते हुए काजी तौकीर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
क्या ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान लेंगे एक्शन?
‘बिग बॉस’ के मंच पर हमेशा से बॉडी शेमिंग और नस्ली टिप्पणियों को लेकर सख्त रुख अपनाया जाता रहा है. ऐसे में काजी द्वारा स्काउट को ‘जापानी गुड़िया’ कहे जाने के बाद अब सबकी नजरें आगामी ‘वीकेंड का वार’ पर टिक गई हैं. अब क्या सलमान काजी तौकीर को उनकी इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत के लिए नेशनल टेलीविजन पर फटकार लगाएंगे या इसे नजरअंदाज किया जाएगा? ये देखना दिलचस्प होगा.

