Beetroot Lipstick: दिवाली का त्योहार आते ही महिलाएं अपने लुक को लेकर तैयारियां शुरू कर देती हैं. कोई नए कपड़े खरीदता है, तो कोई अपनी पसंद का हेयरस्टाइल और मेकअप ट्राई करता है. मेकअप में लिपस्टिक भी एक ऐसी चीज है, जो पूरे लुक को खास बना देती है. बाजार में कई रंगों और डिजाइन की लिपस्टिक मिलती हैं, लेकिन अगर आप इस बार कुछ अलग करना चाहती हैं, तो घर पर भी इसे बना सकती हैं.
इसके लिए चुकंदर का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसका लाल रंग होंठों को हल्का गुलाबी या लाल रंग देने में काम आता है. नारियल तेल और बीवैक्स जैसी चीजों को मिलाकर आप घर पर आसानी से चुकंदर वाली लिपस्टिक तैयार कर सकती हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
चुकंदर की लिपस्टिक बनाने के लिए जरूरी चीजें
- 1 छोटा चम्मच चुकंदर का पाउडर
- 1 छोटा चम्मच नारियल तेल
- 1 छोटा चम्मच बीवैक्स यानी मधुमक्खी के छत्ते से मिलने वाला मोम
- विटामिन ई कैप्सूल की कुछ बूंदें (इच्छानुसार) ध्यान रखें कि चुकंदर का पाउडर बारीक होना चाहिए. इससे बाकी चीजों के साथ इसे मिलाना आसान होगा और लिपस्टिक में गांठें भी नहीं पड़ेंगी.
इस तरह घर पर तैयार करें चुकंदर की लिपस्टिक
चुकंदर की लिपस्टिक बनाने के लिए सबसे पहले एक छोटी कटोरी में नारियल तेल और बीवैक्स डालें. अब एक बड़े बर्तन में पानी गर्म करें और उसके ऊपर इस कटोरी को रख दें. धीमी आंच पर मिश्रण को गर्म करें. कुछ देर में बीवैक्स पिघल जाएगा और नारियल तेल के साथ अच्छी तरह मिल जाएगा.
इसके बाद कटोरी को गर्म पानी से बाहर निकाल लें. अब इसमें धीरे-धीरे चुकंदर का पाउडर डालें और चम्मच से लगातार मिलाती रहें. ध्यान रखें कि मिश्रण में गांठें न बनें. अगर आप चाहें, तो इसमें विटामिन ई कैप्सूल की कुछ बूंदें भी मिला सकती हैं.
अब तैयार मिश्रण को किसी साफ और सूखे छोटे डिब्बे में डाल दें. इसे कुछ देर ठंडा होने के लिए छोड़ दें. ठंडा होने के बाद मिश्रण जमकर लिपस्टिक जैसा हो जाएगा. इस तरह आपकी घर पर बनी चुकंदर की लिपस्टिक तैयार है.
होंठों पर इस तरह लगाएं होममेड लिपस्टिक
चुकंदर से बनी इस लिपस्टिक को लगाने के लिए साफ उंगली या लिप ब्रश का इस्तेमाल करें. अगर आपको हल्का गुलाबी रंग पसंद है, तो होंठों पर इसकी एक पतली परत लगाएं. वहीं, थोड़ा गहरा रंग पाने के लिए एक और परत लगा सकती हैं.
दिवाली पर हल्के मेकअप के साथ चुकंदर की यह लिपस्टिक अच्छा लुक दे सकती है. इसे अपनी पसंद के हिसाब से कम या ज्यादा लगा सकती हैं.
लिपस्टिक इस्तेमाल करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
- पहली बार इस्तेमाल करने से पहले थोड़ी मात्रा में लगाकर पैच टेस्ट जरूर करें.
- अगर लगाने के बाद जलन, खुजली या सूजन हो, तो इसका इस्तेमाल बंद कर दें.
- लिपस्टिक बनाने के लिए साफ और पूरी तरह सूखे बर्तन का इस्तेमाल करें.
- इसमें पानी या ताजा चुकंदर का रस न मिलाएं. इससे लिपस्टिक जल्दी खराब हो सकती है.
- इसे साफ, सूखे और बंद डिब्बे में रखें.
यह भी पढ़ें: संतरे के छिलकों से घर पर बनाएं होममेड सीरम, चेहरे पर आएगा निखार
The post दिवाली पर होंठों को दें गुलाबी रंग, घर पर इस तरह बनाएं चुकंदर की लिपस्टिक appeared first on Prabhat Khabar.

