कांग्रेस में अब पार्टी के दो सांसदों के बीच बस में हुए एक घटनाक्रम को लेकर विवाद सामने आया है. आरोप है कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में जाने के दौरान कांग्रेस सांसद श्याम कुमार बर्वे ने बस में चंद्रपुर की सांसद प्रतिभा धानोरकर को थप्पड़ मारा. इस मामले में कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों ने आला कमान से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है.
कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, केसी वेणुगोपाल और महाराष्ट्र के पार्टी प्रभारी सिरीवेला प्रसाद को ईमेल भेजकर शिकायत की है. इसमें आरोप लगाया गया है कि रैली के दौरान कुछ कांग्रेस सांसदों का व्यवहार पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला था. बस में हुई घटना का वीडियो भी वायरल है,जिसे शिकायत के साथ भेजा गया है.
‘ऐसा व्यवहार जनता के बीच गलत संदेश देता है’
शिकायत करने वाले पदाधिकारियों का कहना है कि कांग्रेस एक तरफ लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और महिलाओं के सम्मान की बात करती है. वहीं दूसरी तरफ पार्टी के सांसद का ऐसा व्यवहार जनता के बीच गलत संदेश देता है और पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाता है. पत्र में इस मामले में संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने और महिला नेताओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की मांग की गई है.
पत्र में यह भी कहा गया है कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जाती. इसलिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. शिकायत में उम्मीद जताई गई है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस मामले का संज्ञान लेकर जरूरी कदम उठाएंगे.
10 सेकंड के इस वीडियो में और क्या है?
करीब 10 सेकंड के इस वीडियो में कांग्रेस के कई सांसद बस से रैली में जाते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में रामटेक के सांसद श्याम कुमार बर्वे खड़े होकर अपने पास बैठीं चंद्रपुर की सांसद प्रतिभा धानोरकर को हल्की थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं. हालांकि, शुरुआत में प्रतिभा धानोरकर कोई प्रतिक्रिया नहीं देतीं, लेकिन कुछ देर बाद वह नाराजगी के साथ श्याम कुमार बर्वे की तरफ देखती हैं.
बताया जा रहा है कि बस में मौजूद किसी कांग्रेस नेता या पदाधिकारी ने यह वीडियो बनाया था. बाद में यह वीडियो कांग्रेस के नेताओं के बीच वायरल हुआ और इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से शिकायत की गई.
सांसद प्रतिभा धानोरकर ने क्या कहा?
शिकायत सामने आने के बाद प्रतिभा धानोरकर से मुलाकात कर इस घटना पर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई. हालांकि, उन्होंने कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया.लेकिन उन्होंने बताया कि सांसदों के बीच आपस में हंसी-मजाक चल रहा था और इसी दौरान यह घटना हुई.अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि कांग्रेस नेतृत्व इस मामले में क्या कदम उठाता है?

