सरकार ने संसद का एक विशेष बैठक बुलाया है, जिसमें महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक पर चर्चा हो सकती है. लेकिन इससे पहले ही तमिलनाडु की राजनीति में सियासी हलचल तेज हो गई है. मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने दावा किया है कि एमके स्टालिन की अगुवाई वाली DMK भारतीय जनता पार्टी के साथ हाथ मिलाने की तैयारी कर रही है.
सत्तारूढ़ TVK ने DMK विधायक और विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन की गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से हुई मुलाकात को भी आधार बताया है. हालांकि, TVK की ओर से लगाए गए आरोपों को DMK ने खारिज कर दिया है. पार्टी प्रवक्ता सैयद हफीजुल्लाह ने एक निजी चैनल से बातचीत में कहा कि DMK का बीजेपी के साथ जाने का जाने या गठबंधन करने का कोई इरादा नहीं है.
TVK ने DMK को लेकर क्या दावे किए?
TVK का सीधा दावा है कि संसद में परिसीमन बिल पर DMK , बीजेपी का साथ दे सकती है. TVK की IT विंग ने इसको लकेर X पर एक लंबा पोस्ट भी किया. इसमें पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री सीएन अन्नादुरई के मशहूर सवाल, ‘बकरी के लिए दाढ़ी और देश के लिए गवर्नर का क्या काम?’ का इस्तेमाल करते हुए, DMK पर अपनी राजनीतिक विचारधारा को दरकिनार करने का आरोप लगाया.
पोस्ट में आरोप लगाया गया कि DMK, जो पहले गवर्नर को विधानसभा में बोलने की इजाजत न देने में गर्व महसूस करती थी, अब उनके पैरों पर गिरने को तैयार है. DMK के माउथपीस मुरासोली में छपी BJP प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंथ्रन पर एक रिपोर्ट का भी जिक्र किया. साथ ही आरोप लगाया कि DMK तमिलनाडु में बीजेपी की ग्रोथ को बढ़ावा देने की तैयारी कर रही है.
वहीं, राज्य में सत्तारूढ़ TVK के सहयोगी कांग्रेस ने भी परिसीमन बिल पर DMK के रूख को लेकर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस सांसद कार्ति पी चिदंबरम ने X पोस्ट में लिखा, ‘लगता है बीजेपी सरकार ने सब ठीक कर दिया है’. उन्होंने अपने पोस्ट में DMK और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के ऑफिशियल X हैंडल को टैग किया है.
DMK ने TVK के आरोपों पर क्या कहा?
DMK के प्रवक्ता सैयद हफीजुल्लाह ने कहा कि DMK का BJP के साथ गठबंधन करने का कोई इरादा नहीं है. उन्होंने मुरासोली में BJP के प्रदेश अध्यक्ष से जुड़ी खबर को अलग बताया. उनके मुताबिक, अखबार में नागेंथ्रन का पूरा इंटरव्यू नहीं छपा था, इसमें केवल TVK सरकार के खिलाफ लगाए आरोपों का ही जिक्र था. हालांकि, उन्होंने DMK के बीजेपी को सपोर्ट करने पर जवाब देने से मना कर दिया.
हफीजुल्लाह ने कहा कि वह विधेयक का मसौदा सामने आने के बाद अपना अंतिम रुख तय करेगी. DMK का कहना है कि परिसीमन में तमिलनाडु की मौजूदा 7.2 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रहना चाहिए. वहीं, सूत्रों का मानना है कि आने वाले दिनों में DMK परिसीमन पर बीजेपी के बात कर सकती है.
30 नवंबर से LS, 2 दिसंबर से RS का सत्र
बीते दिन सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्य सभा की दो दिसंबर को फिर से बुलाई है. दोनों सदनों का त्र 3दिसंबर को समाप्त होगी. इस दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पेश किये जाने की संभावना है. अधिसूचना में कहा गया है कि इन बैठकों के दौरान प्रश्नकाल, शून्यकाल या गैर-सरकारी सदस्यों का कामकाज नहीं होगा.
दरअसल, परिसीमन का मुद्दा तमिलनाडु की राजनीति में काफी संवेदनशील रहा है. राज्य को आशंका है कि इससे संसद में उसकी हिस्सेदारी कम हो जाएगी. एमके स्टालिन की पार्टी भी पहले संसद में परिसीमन का विरोध कर चुकी है. लेकिन इस बार समीकरण अलग है, DMK सत्ता से बाहर है, और उसकी पुरानी सहयोगी कांग्रेस विधानसभा चुनाव के बाद TVK को सपोर्ट कर सरकार में शामिल है.

