केंद्र की मोदी सरकार ने चार दिवसीय संसद का विशेष सत्र बुलाया है. लोकसभा को 30 नवंबर और राज्यसभा को 2 दिसंबर से फिर से बुलाया गया है. इसी को लेकर आज यानी शुक्रवार को कैबिनेट की अहम बैठक होने वाली है. सूत्रों के अनुसार,कैबिनेट की बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में बदलाव या प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी संभव है.

सूत्रों की मानें तो, सरकार पहले से प्रस्तावित परिसीमन बिल में 2 बड़े सुधार करने जा रही है, जिसको कैबिनेट में मंजूरी मिल सकती है. पहला, सभी राज्यों की लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव पास हो सकता है. दूसरा, परिसीमन को जनगणना से डीलिंक करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी जा सकती है. ताकि दक्षिणी राज्यों को राजनीतिक हिस्सेदारी कम होने की आशंका को खत्म किया जा सके.

50% बढ़ाने से लोकसभा सीटें लगभग 815 हो जाएगी

वर्तमान में लोकसभा की 543 सीटें हैं. 50% बढ़ोतरी होने पर सीटें लगभग 815 हो सकती हैं. सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय कैबिनेट में हर राज्य की सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी का प्रस्ताव पास किया जा सकता है. इसी साल अप्रैल में सरकार द्वारा संसद में पेश किए गए विधेयक में जनगणना के आधार और लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रावधान शामिल था.

25 साल तक के लिए फ्रिज किया जा सकता है परिसीमन

दूसरा, परिसीमन को जनगणना से डीलिंक करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी जा सकती है. ताकि लोकसभा में सीटों की बढ़ोतरी को जनगणना वृद्धि के आनुपातिक आधार को लागू नहीं किया जा सके. इसके साथ ही डेलीमेशन को 25 साल तक के लिए फ्रिज किया जा सकता है, जिससे कम जनसंख्या वृद्धि वाले राज्य खासकर दक्षिणी राज्यों को राजनीतिक हिस्सेदारी कम होने की आशंका को खत्म किया जा सके.

कांग्रेस ने मनमाने ढंग से परिसीमन करने का लगाया आरोप

वहीं, कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल सरकार के इस कदम पर सवाल उठा रहा है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आज सुबह X पोस्ट के जरिए सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम सितंबर 2023 में ही संसद में सर्वसम्मति से पारित हुआ था. लेकिन इसे लागू नहीं किया गया.संसद का विशेष सत्र महिला आरक्षण के लिए नहीं है, महिला आरक्षण तो पहले से ही कानून बन चुका है.

उन्होंने कहा किविशेष सत्र का असली मकसद निर्वाचन क्षेत्रों का मनमाने ढंग से परिसीमन करना है ताकि लोगों की आवाज दबाई जा सके. साथ ही सवाल किया, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी? यह फिर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को दी जा सकती है. इतने बड़े पैमाने पर वोट चोरी को अंजाम देने वालों को यह ताकत देने से शर्मनाक और क्या हो सकता है.