26 जनवरी 1950 को देश का संविधान लागू किया गया था. लेकिन इस तारीख पर सभी की सहमति नहीं थी. एक पुराने लेटर में सामने आया है कि 26 जनवरी की तारीख को कुछ लोग ज्योतिषिय गणना के हिसाब से अशुभ मानते थे. लेकिन भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू इस तारीख को बदलने के पक्ष में नहीं थे. नेहरू का कहना था कि वह ज्योतिष में कोई विश्वास नहीं रखते और सिर्फ इसी आधार पर तारीख को नहीं बदला जाना चाहिए.
प्रधानमंत्री म्यूजियम के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के साथ यह लेटर की एक कॉपी साझा की है. इस लेटर को 1949 में लिखा गया था. यह उस वक्त की एक झलक देता है कि संविधान को लागू करने से पहले देश के नीति-निर्माताओं ने किन-किन मुद्दों पर चर्चा की थी. यह लेटर जवाहरलाल नेहरू ने राजेंद्र प्रसाद को लिखा था. राजेंद्र प्रसाद उस समय संविधान सभा के अध्यक्ष थे.
26 जनवरी के दिन पर थी चिंताएं
दरअसल 26 जनवरी को नए संविधान के उद्घाटन के लिए अशुभ माना जा रहा था. राजेंद्र प्रसाद ने इस संबंध में चिंता को जवाहरलाल नेहरू के साथ साझा किया था. राजेंद्र प्रसाद ने एक अनजान व्यक्ति का लेटर भी साथ में संलग्न किया था, जिसमें सुझाव दिया गया था कि किसी दूसरी तारीख पर विचार किया जाना चाहिए.
इस लेटर का जवाब देते हुए जवाहरलाल नेहरू ने लखा, ‘मुझे ज्योतिष में कोई विश्वास नहीं है. मैं निश्चित रूप से मैं ज्योतिषियों के कहने पर राष्ट्रीय कार्यक्रम तय नहीं करना चाहूंगा.’
राजेंद्र प्रसाद ने लिखा लेटर
राजेंद्र प्रसाद ने आजादी का जिक्र करते हुए लिखा था कि 15 अगस्त 1947 को सत्ता हस्तांतरण की तारीख ज्योतिषियौं से सलाह के बिना ली गई थी और तब भी कई लोगों ने इसे अशुभ बताया था. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि कुछ लोगों ने परेशानी की भविष्यवाणी की थी, लेकिन उनकी बातों पर विचार नहीं किया गया.
प्रसाद ने कहा कि 26 जनवरी का दिन लोगों के लिए एक खास महत्व का दिन है. संविधान के उद्घाटन के लिए शुभ दिन पर अनौपचारिक रूप से विचार किया जा सकता है. उन्होंने लिखा कि जब हम व्यक्तिगत रूप से नहीं, बल्कि उस विश्वास वाले लाखों-करोड़ों पुरुषों और महिलाओं के प्रतिनिधि के रूप में काम करते हैं, तो इस मामले में उनकी भावनाओं पर विचार न करना गलत हो सकता है.
नेहरू बोले- काफी स्पष्टीकरण की जरूरत होगी
राजस्थान के पिलानी से आए राजेंद्र प्रसाद के इस लेटर का जवाब देते हुए नेहरू ने लिखा, ‘माई डियर राजेंद्र बाबू, 26 जनवरी की तारीख बदलने के लिए काफी स्पष्टीकरण देना होगा और इससे देश के लोगों के बीच मतभेद हो सकता है.’
नेहरू ने पूछा कि क्या वह अनजान व्यक्ति सच में लाखों लोगों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करता है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसी मान्यताएं बड़े पैमाने पर हैं, तो लीडरशिप या तो उनका मुकाबला करने की कोशिश कर सकती है या ज्योतिष में विश्वास करने वालों को देश की किस्मत का फैसला करने दे सकती है.
बता दें कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने संविधान को अपना लिया था और 26 जनवरी 1950 को यह लागू हो गया था. इस तारीख को कांग्रेस द्वारा 1930 में की गई पूर्ण स्वराज घोषणा की याद में चुना गया था. 26 नवंबर को हर साल संविधान दिवस के रूप में भी मनाया जाता है. संविधान सभा की अध्यक्षता करने वाले राजेंद्र प्रसाद देश के पहले राष्ट्रपति बने थे और जवाहरलाल नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री बने.

