लगभग एक साल तक एक लड़का फुटबॉल के मैदान के किनारे बैठकर दूसरों को खेलते देखता रहा. वह खिलाड़ियों को पानी पिलाता, गेंद उठाता और कोच की बातें ध्यान से सुनता. हर मैच में उसे उम्मीद रहती कि शायद आज उसका नाम पुकारा जाएगा. लेकिन हर बार किसी और को मौका मिलता. एक शाम साथी खिलाड़ी ने पूछा, तुम्हें बुरा नहीं लगता कि सब खेलते हैं और तुम बैठे रहते हो? लड़का मुस्कुराया, बुरा तो लगता है. लेकिन अगर कोई मुझे नहीं देख रहा, इसलिए मैं सीखना छोड़ दूं. तो जिस दिन खेलने का मौका मिलेगा, उस दिन क्या करूंगा?
वह रोज सबके जाने के बाद अकेले अभ्यास करता. एक दिन अचानक एक खिलाड़ी घायल हो गया. कोच ने उसे बुलाया. वह बिना घबराए मैदान में उतर गया. दूसरों को जो अचानक मिला अवसर दिखाई दिया, उसकी तैयारी वह पूरे साल से कर रहा था.
असली बदलाव बहुत पहले शुरू
हम अक्सर सोचते हैं कि जीवन तब बदलता है, जब कोई बड़ा अवसर मिलता है. नई जिम्मेदारी, अच्छा पद या अपनी योग्यता दिखाने का मौका. लेकिन शायद असली बदलाव उससे बहुत पहले शुरू हो जाता है, जब कोई हमें देख भी नहीं रहा होता. अवसर कब आएगा, यह हमारे हाथ में नहीं है. लेकिन उस दिन हम कैसे इंसान होंगे, यह बहुत हद तक हमारे हाथ में है. फिर भी एक सवाल है. अगर तैयारी इतनी जरूरी है, तो इंतजार करना इतना कठिन क्यों लगता है?
हम चाहते हैं कोई हमारी मेहनत देखे
शायद इसलिए कि हम चाहते हैं कोई हमारी मेहनत देखे, हमें समझे और हमारी कद्र करे. जब कोई दूसरा आगे निकल जाता है, तो मन में सवाल उठते हैं. बच्चा सोचता है कि शिक्षक ने उसे क्यों नहीं चुना. कर्मचारी देखता है कि उससे कम उम्र वाले को बड़ी जिम्मेदारी मिल गई. माता-पिता चाहते हैं कि बच्चे उनके त्याग को समझें. इन सबके पीछे एक छोटी-सी पीड़ा छिपी रहती है. अगर कोई मेरी मेहनत नहीं देख रहा, तो क्या उसका कोई मूल्य नहीं है?
पर्दे के पीछे मेहनत
अपने कामकाजी जीवन में मैंने यह बात कई बार देखी है. समाचार की दुनिया में कुछ चेहरे पर्दे पर दिखाई देते हैं, जबकि बहुत से लोग पर्दे के पीछे मेहनत करते हैं. किसी कार्यक्रम की सफलता पर एक व्यक्ति को प्रशंसा मिलती है, लेकिन उसके पीछे कई लोगों की मेहनत होती है. मैंने ऐसे लोगों को भी देखा है जो बड़ी जिम्मेदारी के लिए तैयार थे, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला. कुछ मन ही मन नाराज रहने लगे. कुछ सीखते रहे. धीरे-धीरे मुझे लगा कि अंतर केवल योग्यता का नहीं था. असली अंतर इस बात में था कि इंतजार के दौरान उनके भीतर क्या हो रहा था.
हमें अपने आप से मिलाता है इंतजार
यहीं पहली गहरी बात समझ आती है. इंतजार केवल हमारे धैर्य की परीक्षा नहीं लेता. वह हमें अपने आप से मिलाता है. जब कोई प्रशंसा नहीं करता, तब पता चलता है कि हम अपना काम क्यों करते हैं. वह फुटबॉल खिलाड़ी चाहता तो पूरे साल कोच की शिकायत करता रहता. उसकी नाराजगी गलत भी नहीं होती. लेकिन उसने उसी समय को सीखने में लगाया. उसकी परिस्थिति नहीं बदली थी, लेकिन उसे देखने का उसका नजरिया बदल गया था. उसने तय कर लिया था कि किसी दूसरे का फैसला उसके सीखने को नहीं रोकेगा.
साल भर की मेहनत बेकार हो जाती?
लेकिन एक और सवाल है. अगर कोच उसे कभी नहीं बुलाता, तो क्या उसकी साल भर की मेहनत बेकार हो जाती? हम अक्सर मेहनत का मूल्य उसके परिणाम से तय करते हैं. सफलता मिल जाए तो संघर्ष की प्रशंसा करते हैं. सफलता न मिले तो उसी संघर्ष को असफलता कह देते हैं. लेकिन उस लड़के ने अनुशासन सीखा, अपनी कमियां समझीं और अपनी क्षमता पहचानी. मौका मिले या न मिले, यह सब उसके साथ रहेगा. शायद तैयारी केवल अवसर पाने के लिए नहीं होती. वह इंतजार करने वाले इंसान को भी भीतर से बदलती है.
अपना काम पूरी लगन से करो
पुरानी सीख भी यही कहती है कि अपना काम पूरी लगन से करो, लेकिन उसके परिणाम को अपने वश में मत समझो. इसका अर्थ अन्याय सहना या चुपचाप बैठे रहना नहीं है. अवसर मांगना, गलत बात का विरोध करना और जरूरत पड़ने पर रास्ता बदलना भी जरूरी है. लेकिन किसी चीज को पाने की कोशिश करना और उसके न मिलने पर अपनी शांति खो देना, दोनों अलग बातें हैं. पहली बात हमें आगे बढ़ाती है. दूसरी हमारी खुशी दूसरों के फैसलों पर छोड़ देती है.
स्वयं को योग्य महसूस करने का इंतजार
तीसरी बात और भी निजी है. कई बार हम अवसर का नहीं, स्वयं को योग्य महसूस करने का इंतजार कर रहे होते हैं. सोचते हैं कि आत्मविश्वास आएगा तब बोलेंगे. पूरी तैयारी होगी तब जिम्मेदारी लेंगे. असफलता का डर मिटेगा तब शुरुआत करेंगे. लेकिन आत्मविश्वास अक्सर काम शुरू करने के बाद आता है. उस लड़के को भी नहीं मालूम था कि वह गोल कर पाएगा या नहीं. उसे केवल इतना विश्वास था कि उसने मैदान में उतरने लायक मेहनत की है. तैयारी ने अनिश्चितता समाप्त नहीं की थी. उसने अनिश्चितता के बीच खड़े रहना सिखाया था.
अपने डर को समझ रहे हैं?
आज एक छोटा-सा प्रयोग कीजिए. सोचिए, आप किस बात का इंतजार कर रहे हैं. किसी बातचीत का, नई जिम्मेदारी का, नौकरी में बदलाव का या वर्षों पुराने किसी सपने का? फिर स्वयं से पूछिए कि इस इंतजार में आप क्या कर रहे हैं. कुछ सीख रहे हैं? अपने डर को समझ रहे हैं? बेहतर इंसान बन रहे हैं? या केवल दूसरों को आगे बढ़ते देख रहे हैं? इसका उत्तर किसी को बताने की जरूरत नहीं. यह बातचीत केवल आपके और आपके भीतर बैठे उस इंसान के बीच है, जिसे आप सबसे अच्छी तरह जानते हैं.
अपनी मेहनत का सम्मान
उस दिन फुटबॉल खिलाड़ी ने गोल किया या नहीं, हमें नहीं मालूम. लेकिन मैदान में उतरने से पहले ही उसने कुछ महत्वपूर्ण सीख लिया था. उसने अपनी मेहनत का सम्मान करना सीख लिया था, भले ही किसी दूसरे ने उसकी प्रशंसा न की हो. शायद इसीलिए वह बिना डरे मैदान में उतर सका. अवसर मिलने पर वह आभारी था, लेकिन उसकी तैयारी केवल उस अवसर के भरोसे नहीं थी. शायद जीवन में असली सवाल यह नहीं है कि मेरा अवसर कब आएगा. सवाल इससे कहीं अधिक गहरा है. जब मैं इंतजार कर रहा हूं कि जीवन मुझे चुने, तब मैं स्वयं को कैसा इंसान बना रहा हूं?

