Anti Ageing Skin Care: कई लोग उम्र बढ़ने के साथ चेहरे पर दिखने वाली झुर्रियों को लेकर परेशान रहते हैं. कोई एंटी एजिंग क्रीम लगाता है, तो कोई स्किन केयर में नए-नए प्रोडक्ट्स शामिल करता है. लेकिन उम्र का असर सिर्फ चेहरे तक सीमित नहीं रहता. गर्दन, हाथ, छाती और कोहनी की त्वचा पर भी बदलाव नजर आने लगते हैं. ब्यूटी एक्सपर्ट रानी के मुताबिक, चेहरे के साथ शरीर के इन हिस्सों की देखभाल करना भी जरूरी है. आइए जानते हैं कि किन हिस्सों पर उम्र के संकेत दिखते हैं और त्वचा को लंबे समय तक अच्छा बनाए रखने के लिए क्या करना चाहिए.
गर्दन पर दिखने लगती हैं बारीक लकीरें

चेहरे की देखभाल करते समय गर्दन पर ध्यान देना अक्सर छूट जाता है. जबकि गर्दन पर भी उम्र का असर दिखने लगता है. यहां छोटी-छोटी लकीरें, झुर्रियां और त्वचा का ढीलापन नजर आ सकता है. उम्र के साथ त्वचा में कोलेजन और इलास्टिन कम बनने लगते हैं. ये त्वचा को मुलायम और लचीला बनाए रखने में मदद करते हैं. इसके अलावा गर्दन पर धूप भी पड़ती है, जिससे त्वचा में बदलाव जल्दी नजर आ सकते हैं. फोन चलाते समय बार-बार गर्दन नीचे झुकाने से बनने वाली लकीरें भी धीरे-धीरे साफ दिखने लग सकती हैं.
हाथों के पंजों पर दिख सकते हैं भूरे धब्बे
हाथों की त्वचा पर भी उम्र बढ़ने के संकेत दिखाई दे सकते हैं. हाथों के पंजे पहले से पतले दिखने लग सकते हैं और नसें ज्यादा नजर आ सकती हैं. कई बार यहां छोटे भूरे धब्बे भी दिखते हैं, जिन्हें एज स्पॉट्स कहा जाता है. उम्र के साथ त्वचा के नीचे मौजूद फैट कम होने से हाथों की नसें और हड्डियां ज्यादा दिखाई दे सकती हैं. हाथों पर रोज धूप पड़ती है, लेकिन अक्सर लोग यहां सनस्क्रीन लगाना भूल जाते हैं. इससे त्वचा पर धूप का असर बढ़ सकता है.
छाती के ऊपरी हिस्से पर बदल सकती है त्वचा की रंगत
गर्दन के नीचे और छाती के ऊपरी हिस्से की त्वचा भी उम्र के साथ बदल सकती है. खासकर ऐसे कपड़े पहनने पर, जिनमें यह हिस्सा खुला रहता है, यहां धूप ज्यादा पड़ सकती है. धीरे-धीरे इस हिस्से पर झुर्रियां, भूरे धब्बे और त्वचा की रंगत में बदलाव दिखने लग सकते हैं. लंबे समय तक धूप में रहने से त्वचा का लचीलापन कम हो सकता है, जिससे यहां उम्र के निशान नजर आने लगते हैं.
कोहनी पर बढ़ सकता है रूखापन
कोहनी की त्वचा बाकी हिस्सों की तुलना में थोड़ी मोटी होती है. लेकिन उम्र बढ़ने और त्वचा में नमी कम होने से यहां रूखापन और बारीक लकीरें दिख सकती हैं. कई बार कोहनी का रंग भी आसपास की त्वचा से अलग नजर आता है. कोहनी पर बार-बार दबाव पड़ना और त्वचा का सूखा रहना भी इसके रंग और बनावट में बदलाव की वजह हो सकता है.
त्वचा को लंबे समय तक अच्छा रखने के लिए क्या करें
- चेहरे के साथ गर्दन, हाथ, बाजुओं और छाती पर भी SPF 30 या इससे अधिक वाला ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाएं.
- नहाने के बाद शरीर पर मॉइस्चराइजर लगाएं, ताकि त्वचा में नमी बनी रहे.
- होंठों को धूप से बचाने के लिए SPF वाला लिप बाम इस्तेमाल करें.
- धूप में निकलते समय पूरी बाजू के कपड़े पहनें और टोपी का इस्तेमाल करें.
- बाहर ज्यादा देर रहने पर सनस्क्रीन दोबारा लगाएं.
यह भी पढ़ें: सर्दियों में फटने लगता है चेहरे का मेकअप? फाउंडेशन लगाने से पहले जरूर करें ये 5 काम
The post स्किन केयर में कहीं इन हिस्सों को भूल तो नहीं रहे? गर्दन से हाथों तक दिख सकते हैं Ageing के संकेत appeared first on Prabhat Khabar.

