Water Bottle Cleaning Tips: घर से बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखना अब ज्यादातर लोगों की आदत बन गई है. ऑफिस जाना हो, बच्चों को स्कूल भेजना हो या कहीं घूमने जाना हो, बैग में पानी की बोतल जरूर रखी जाती है. कई लोग एक ही बोतल का इस्तेमाल महीनों तक करते रहते हैं. सुबह उसमें पानी भर लिया और फिर दिनभर उसी से पानी पीते रहे. शाम को बचा हुआ पानी फेंककर अगले दिन दोबारा भर लिया. इस तरह रोज इस्तेमाल होने वाली बोतल को देखकर शायद ही किसी के मन में यह सवाल आता हो कि वह अंदर से कितनी साफ है. अक्सर लोग बोतल को बाहर से पोंछ देते हैं या उसमें थोड़ा पानी डालकर हिला लेते हैं. उन्हें लगता है कि जब इसमें सिर्फ पानी ही भरना है, तो रोज साबुन से धोने की क्या जरूरत है?
लेकिन बोतल को साफ रखने के लिए इतना करना काफी नहीं है. जब भी हम डायरेक्टली बोतल के मुंह से पानी पीते हैं, तो होंठों और मुंह में मौजूद बैक्टीरिया उसके अंदर पहुंच सकते हैं. इसके अलावा, ढक्कन खोलते समय हाथों से भी गंदगी लग सकती है और अलग-अलग जगहों पर रखने से बोतल के बाहरी हिस्से पर भी बैक्टीरिया आ सकते हैं. अगर बोतल के अंदर नमी बनी रहे, तो बैक्टीरिया और फंगस बढ़ने का मौका मिल सकता है. इसलिए यह जानना जरूरी है कि पानी की बोतल कितने दिन में धोनी चाहिए और सफाई करते समय किन हिस्सों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए.
पानी की बोतल कितने दिन में धोनी चाहिए?
अगर आप रोज एक ही बोतल में पानी भरकर पीते हैं, तो उसे हर दिन साबुन और पानी से धोना बेहतर है. सिर्फ पानी डालकर खंगाल लेने से बोतल अच्छी तरह साफ नहीं होती. इसके लिए बोतल के अंदर थोड़ा साबुन वाला पानी डालें और लंबे ब्रश की मदद से उसकी अंदरूनी दीवारों के साथ नीचे वाले हिस्से को भी साफ करें. इसके बाद साफ पानी से अच्छी तरह धो लें, ताकि साबुन का कोई हिस्सा अंदर न रह जाए.
रोज की सफाई के साथ यह भी ध्यान रखें कि रात में बोतल के अंदर पानी बचा न रहे. उसे खाली करके रखें और अगले दिन उसी बचे हुए पानी में नया पानी मिलाकर पीने से बचें. अगर आप बोतल में नॉर्मल पानी रखने के बजाय नींबू पानी, शरबत, जूस या दूध जैसी चीजें डालते हैं, तो इस्तेमाल के तुरंत बाद उसे धोना और भी जरूरी हो जाता है. इन चीजों के कुछ अंश बोतल के अंदर चिपके रह सकते हैं और देर तक साफ न करने पर बदबू आने लगती है. इसलिए ऐसी चीजें रखने के बाद बोतल को अगले दिन तक बिना धोए न छोड़ें.

बोतल के अंदर कैसे जमा होते हैं बैक्टीरिया?
बोतल के अंदर बैक्टीरिया पहुंचने की एक वजह हमारा मुंह भी है. जब हम सीधे बोतल से पानी पीते हैं, तो होंठों और मुंह में मौजूद बैक्टीरिया उसके मुंह वाले हिस्से तक पहुंच सकते हैं. इसके अलावा, ढक्कन खोलते समय हाथों से भी गंदगी लग सकती है. हम दिनभर बोतल को कभी ऑफिस की डेस्क पर रखते हैं, तो कभी स्कूल की बेंच या दूसरी जगहों पर. इस दौरान उसके बाहरी हिस्से पर गंदगी लग सकती है, जो हाथों के जरिए ढक्कन और बोतल के मुंह तक पहुंच सकती है.
सफाई के बाद भी अगर बोतल को ठीक से नहीं सुखाया जाता, तो उसके अंदर मॉइस्चर बनी रह जाती है. ऐसी जगह पर बैक्टीरिया और फंगस बढ़ सकते हैं. कुछ बैक्टीरिया बोतल के अंदर की दीवार पर चिपचिपी लेयर भी बना सकते हैं. यही वजह है कि कभी-कभी बोतल साफ दिखने के बावजूद अंदर से चिपचिपी महसूस होती है. इसके अलावा, बोतल से अजीब गंध आने लगे या उसमें रखे पानी का स्वाद बदल जाए, तो इसे भी सफाई पर ध्यान देने का संकेत समझना चाहिए.
हालांकि, हर गंदी बोतल से बीमारी हो जाएगी, ऐसा जरूरी नहीं है. लेकिन अगर बोतल में रखा पानी दूषित हो जाए, तो उसे पीने से पेट से जुड़ी परेशानी हो सकती है. वहीं, बोतल में फंगस लगने पर उन लोगों को दिक्कत हो सकती है जिन्हें इससे एलर्जी होती है. इसलिए बोतल को सिर्फ ऊपर से पानी डालकर साफ मान लेना ठीक नहीं है. उसकी अंदरूनी सफाई पर भी उतना ही ध्यान देना चाहिए.
बोतल धोते समय इन हिस्सों को न भूलें
बोतल साफ करते समय ज्यादातर लोग उसके अंदर पानी डालकर दो-तीन बार हिला देते हैं और फिर उसे रख देते हैं. लेकिन इससे हर हिस्सा साफ नहीं हो पाता. बोतल के ढक्कन, मुंह वाले हिस्से और उसके अंदर लगी रबर या सिलिकॉन की सील में भी गंदगी जमा हो सकती है. अगर बोतल में स्ट्रॉ लगा है, तो उसे निकालकर अलग से धोना चाहिए, क्योंकि उसके अंदर भी पानी और लार के छोटे-छोटे अंश रह सकते हैं.
इसी तरह बोतल का निचला हिस्सा भी सफाई के दौरान छूट जाता है. वहां तक हाथ या कपड़ा पहुंचाना मुश्किल होता है, इसलिए लंबा बोतल ब्रश इस्तेमाल करना बेहतर रहता है. इससे बोतल की अंदरूनी दीवारों के साथ नीचे वाले हिस्से को भी अच्छी तरह साफ किया जा सकता है. ढक्कन और सील को भी साबुन वाले पानी से धोएं. अगर बोतल के किसी हिस्से को अलग किया जा सकता है, तो उसे निकालकर साफ करें. लास्ट में सभी हिस्सों को साफ पानी से अच्छी तरह धोना न भूलें, ताकि उन पर साबुन न रह जाए.
बोतल धोने के बाद उसे सुखाना भी जरूरी है
बोतल को धोने के बाद तुरंत ढक्कन बंद करके रख देना भी ठीक नहीं है. ऐसा करने से उसके अंदर बची हुई नमी बाहर नहीं निकल पाती और बैक्टीरिया या फंगस बढ़ने का मौका मिल सकता है. इसलिए सफाई के साथ बोतल को पूरी तरह सुखाना भी जरूरी है.
धोने के बाद बोतल को उल्टा करके किसी साफ और सूखी जगह पर रख दें, ताकि अंदर जमा पानी बाहर निकल जाए. वहीं ढक्कन, स्ट्रॉ और रबर की सील को बोतल से अलग करके सुखाएं. जब सभी हिस्से पूरी तरह सूख जाएं, तभी उन्हें दोबारा जोड़ें और बोतल में पानी भरें. अगर बोतल का रोज इस्तेमाल नहीं करना है, तो उसे ढक्कन लगाकर बंद रखने के बजाय खुला छोड़ना बेहतर है. इससे अंदर हवा आती-जाती रहेगी और नमी जमा होने की आशंका कम होगी.
बोतल में बदबू या फंगस दिखे तो क्या करें?
कभी-कभी रोज धोने के बावजूद बोतल से अजीब गंध आने लगती है. कुछ बोतलों के अंदर चिपचिपी लेयर भी दिखाई देती है, तो कहीं काले या हरे धब्बे नजर आने लगते हैं. अगर आपके साथ ऐसा हो, तो इसे नजरअंदाज न करें. सबसे पहले बोतल को साबुन और पानी से अच्छी तरह धोएं और बोतल ब्रश की मदद से अंदर के हर हिस्से को साफ करें. इसके साथ ही ढक्कन, स्ट्रॉ और रबर की सील को भी अलग करके धोएं, क्योंकि गंदगी इन हिस्सों में भी छिपी रह सकती है. सफाई करते समय बोतल बनाने वाली कंपनी ने जो तरीका बताया है, उसे भी जरूर देख लें.
अगर अच्छी तरह धोने और सुखाने के बाद भी बोतल से बदबू आती है या अंदर की चिपचिपी लेयर नहीं हटती, तो उसे बदल देना बेहतर है. खासकर प्लास्टिक की बोतल के अंदर स्क्रैच या क्रैक आ गई हो, तो उसका इस्तेमाल जारी न रखें, क्योंकि ऐसी जगहों पर गंदगी फंस सकती है. इसी तरह अगर ढक्कन या सील खराब हो गई है और उसे ठीक से साफ करना मुश्किल हो रहा है, तो उस हिस्से को बदल देना चाहिए.
प्लास्टिक, स्टील या कांच, किस बोतल की सफाई आसान है?
बाजार में पानी रखने के लिए प्लास्टिक, स्टील और कांच की कई तरह की बोतलें मिलती हैं. इन तीनों की अपनी खूबियां और कुछ कमियां हैं. स्टील की बोतल मजबूत होती है और रोज इस्तेमाल के लिए सुविधाजनक रहती है. कांच की बोतल को साफ करना आसान होता है, लेकिन इसे संभालकर रखना पड़ता है, क्योंकि गिरने पर टूट सकती है. वहीं, प्लास्टिक की बोतल हल्की होती है और बच्चों के बैग में रखना भी आसान रहता है. हालांकि, अगर इसके अंदर स्क्रैच या क्रैक आ जाए, तो वहां गंदगी फंस सकती है और उसे साफ करना मुश्किल हो सकता है.
इसलिए बोतल किसी भी चीज की हो, उसे खरीदते समय और इस्तेमाल करते हुए उसकी सफाई का ध्यान रखना जरूरी है. बोतल पर दी गई जानकारी जरूर पढ़ें, क्योंकि हर बोतल को साफ करने का तरीका एक जैसा नहीं होता. कुछ बोतलों को गर्म पानी से धोया जा सकता है, जबकि कुछ को डिशवॉशर में रखना ठीक नहीं होता. एक बार इस्तेमाल के लिए बनी पतली प्लास्टिक की बोतलों को भी बार-बार पानी भरकर इस्तेमाल करने से बचना चाहिए, क्योंकि वे लंबे समय तक दोबारा इस्तेमाल करने के लिए नहीं बनाई जातीं. रोज पानी पीने के लिए ऐसी बोतल चुनें जिसे आसानी से धोया जा सके और जिसके सभी हिस्सों को अलग करके सुखाना भी मुश्किल न हो.
ये भी पढ़ें: Correct Order of Eating Food: खाने की शुरुआत सलाद से करें या रोटी-चावल से? रिसर्च से जानें क्या है सही तरीका
The post Water Bottle Cleaning Tips: सुबह से शाम तक जिस बोतल से पीते हैं पानी, क्या वह अंदर से सच में साफ रहती है? जानें कब धोना चाहिए appeared first on Prabhat Khabar.

