दुनिया
पाकिस्तान का पहला एस्ट्रोनॉट चीन की मदद से स्पेस रवाना:चीनी स्टेशन पर 4 प्रयोग करेंगे; खाने के लिए हलाल फूड का इंतजाम
पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री मोहम्मद जीशान अली बुधवार को चीन की मदद से अंतरिक्ष के लिए रवाना हो गए हैं। वह चीन के शेनझोउ-24 मिशन में शामिल हैं। इस मिशन के साथ वह चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर जाने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं। स्टेशन पर वह पाकिस्तान की ओर से चुने गए 4 वैज्ञानिक प्रयोग करेंगे। चीन ने उनके खाने का भी खास ध्यान रखा है। उनके लिए हलाल फूड का इंतजाम किया गया है। जीशान के साथ चीन के दो अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो और वू यी भी गए हैं। तांग होंगबो इस मिशन की कमान संभाल रहे हैं। जीशान की जिम्मेदारी वैज्ञानिक प्रयोगों को पूरा करने की होगी। वह करीब एक हफ्ते तक स्पेस स्टेशन पर रहेंगे। एस्ट्रोनॉट्स के रवाना होने से पहले की तस्वीरें… मिशन के लिए पाकिस्तान ने दो उम्मीदवार चुने थे पाकिस्तान ने इस मिशन के लिए जीशान अली और खुर्रम दाऊद को चुना था। दोनों ने चीन में कई महीनों तक ट्रेनिंग ली। इसके बाद जीशान को मिशन के लिए फाइनल किया गया, जबकि खुर्रम बैकअप अंतरिक्ष यात्री बनाए गए। बुधवार सुबह जीशान अली ने चीन के जियुकुआन सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से उड़ान भरी। उन्हें लॉन्ग मार्च-2एफ रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा गया। इस मिशन के लिए पाकिस्तान को चीन की मदद लेनी पड़ी, क्योंकि उसके पास इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने वाला अपना रॉकेट या अंतरिक्ष यान नहीं है। अब जीशान चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर मिशन का हिस्सा होंगे। पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल ने दोनों की तारीफ की और जीशान को बधाई दी। पाकिस्तानी वायुसेना में फाइटर पायलट हैं जीशान जीशान अली पाकिस्तान में लड़ाकू विमान के पायलट हैं। मिशन के लिए चुने जाने के बाद उन्होंने चीन में कई महीनों तक ट्रेनिंग ली। इस दौरान उन्हें चीनी भाषा सीखने के साथ अंतरिक्ष यान चलाने और वहां काम करने की ट्रेनिंग दी गई। उन्होंने जीरो ग्रैविटी यानी ऐसी स्थिति में काम करने का अभ्यास किया, जहां चीजें हवा में तैरने लगती हैं। इसके अलावा सेंट्रीफ्यूज, बचाव और आपात स्थिति से निपटने की ट्रेनिंग भी ली। जीशान के मुताबिक, उनके लिए सबसे मुश्किल काम चीनी भाषा सीखना था। अंतरिक्ष यान के स्विच, सॉफ्टवेयर और मशीनों से मिलने वाले निर्देश चीनी भाषा में होते हैं। इसलिए उन्हें आम बोलचाल के साथ तकनीकी चीनी भी सीखनी पड़ी। चांद पर रोवर भेजने की तैयारी में पाकिस्तान और चीन पाकिस्तान और चीन कई साल से अंतरिक्ष के क्षेत्र में मिलकर काम कर रहे हैं। चीन ने अब तक पाकिस्तान के कई उपग्रह अंतरिक्ष में भेजने में मदद की है। दोनों देशों के बीच यह सहयोग अब चंद्र मिशन तक पहुंचने वाला है। 2028 के आसपास चीन के चांग'ई-8 मिशन के जरिए पाकिस्तान में बना एक रोवर चांद की सतह पर भेजने की योजना है। चीन ने 2022 में अपना तियांगोंग स्पेस स्टेशन बनाना पूरा किया था। अब वह अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम में दूसरे देशों को भी साझेदार बना रहा है। चीन की योजना 2030 तक अपने अंतरिक्ष यात्रियों को चांद की सतह पर उतारने की है।
यह सामग्री Dainik Bhaskar - World ने प्रकाशित की है; IB9TV ने इसे न लिखा है, न संपादित किया है। मूल ख़बर देखें
