प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों पर रोक लगाने के लिए महाराष्ट्र सरकार कानून में सख्त प्रावधान करने जा रही है. परीक्षा में पेपर लीक करने या अनुचित तरीके अपनाने वाले दोषियों की संपत्ति जब्त करने, 7 से 10 साल तक जेल और कम से कम 10 करोड़ रुपये जुर्माना लगाने का प्रस्ताव है. राज्य सरकार की प्रतियोगी परीक्षा सुधार समिति ने अपनी रिपोर्ट में ये सिफारिशें की हैं. आगामी शीतकालीन अधिवेशन में कानून संशोधन का विधेयक लाए जाने की तैयारी है.
एमपीएससी की भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों को रोकने और परीक्षा व्यवस्था में उम्मीदवारों का भरोसा बहाल करने के लिए गठित समिति ने दंडात्मक कार्रवाई के साथ प्रशासनिक सुधारों पर भी जोर दिया है. महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा (अनुचित साधनों पर रोक) अधिनियम, 2024 में बदलाव कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का दायरा बढ़ाने का सुझाव दिया गया है.
उम्मीदवारों को आर्थिक राहत
परीक्षा में गड़बड़ी के कारण प्रभावित होने वाले अभ्यर्थियों को राहत देने के लिए परीक्षा शुल्क वापस करने का प्रस्ताव है. आंसर की पर दर्ज आपत्ति सही साबित होने पर उम्मीदवार से लिया गया आपत्ति शुल्क भी लौटाने की सिफारिश की गई है.
जिलों में अलग परीक्षा शाखा बनाने का सुझाव
परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी और निगरानी मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी कार्यालयों में स्थायी परीक्षा शाखाएं बनाने का प्रस्ताव है. जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति भी बनाई जाएगी, जो परीक्षा के आयोजन और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों पर निगरानी रखेगी.
परीक्षा केंद्रों की सूची तैयार होगी
हर जिले में स्कूलों और कॉलेजों की ऐसी इमारतों की सूची तैयार की जाएगी, जहां परीक्षा आयोजित करने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों. परीक्षा केंद्रों का यह बैंक जरूरत के मुताबिक केंद्रों के चयन और व्यवस्था में मदद करेगा.
औषध निरीक्षक परीक्षा में पेपर लीक के बाद कार्रवाई
22 मार्च 2026 को आयोजित एमपीएससी की औषध निरीक्षक भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले कुछ उम्मीदवारों तक पहुंचने का मामला सामने आया था. इसके बाद भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठे और पुणे में उम्मीदवारों ने विरोध प्रदर्शन किया था.
इस मामले के बाद राज्य सरकार ने 4 सितंबर को सामान्य प्रशासन विभाग की अपर मुख्य सचिव वी. राधा की अध्यक्षता में प्रतियोगी परीक्षा सुधार समिति बनाई थी. समिति ने 5 नवंबर को अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंपी थी. अब दूसरा रिपोर्ट भी सरकार को दिया गया है, जबकि अंतिम रिपोर्ट जनवरी में आने की संभावना है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मुताबिक, समिति ने मौजूदा कानून को और कठोर बनाने का सुझाव दिया है. सरकार शीतकालीन अधिवेशन में संशोधन विधेयक पेश कर इसे मंजूरी दिलाने की कोशिश करेगी.

