एक आदमी ने अपने पुराने दोस्त से सिर्फ इसलिए बात करना बंद कर दिया, क्योंकि उसने एक दिन उसकी किसी बात से असहमति जता दी थी. दोनों ने बरसों साथ बिताए थे. साथ खाना खाया, मुश्किल समय में एक–दूसरे का साथ दिया, सुख–दुख बांटे, लेकिन एक दोपहर दोस्त ने कुछ ऐसा कह दिया जो उसे अच्छा नहीं लगा. बात छोटी थी, मगर दिल पर लग गई. शाम होते–होते उसने तय कर लिया कि उसका दोस्त कैसा इंसान है. बरसों का अपनापन एक पल की नाराजगी में खो गया. मैं अक्सर सोचता हूं, हमने अपनी ज़िंदगी में कितने लोगों को इसी तरह खो दिया होगा. इसलिए नहीं कि हम उन्हें सचमुच जान गए थे, बल्कि इसलिए कि उन्होंने हमारी पसंद के मुताबिक बात नहीं की.

हम अनजान लोगों के साथ भी ऐसा ही करते हैं. कोई प्यार से बोल दे तो अच्छा इंसान. कोई हमारी बात काट दे तो बुरा इंसान. बचपन में हम दोस्तों के साथ ऐसा करते हैं और बुढ़ापे में पड़ोसियों के साथ. हैरानी की बात यह है कि हम कभी सोचते ही नहीं कि किसी के बारे में हमारी जानकारी कितनी कम है. किसी इंसान की एक बात, एक व्यवहार या एक घटना को देखकर हम उसके पूरे जीवन का फैसला सुना देते हैं. इसे हम अंदाज़ा नहीं, अपनी समझ मान लेते हैं. फिर उसी इंसान में हमें वही बातें दिखाई देने लगती हैं जो हमारी बनाई हुई राय को सही साबित करती हैं.

पूरी तरह जाने बिना क्यों सुना देते हैं फैसला?

जरा इतिहास के उन लोगों के बारे में सोचिए जिनके नाम हम बचपन से सुनते आए हैं. गांधी, टैगोर, पटेल, नारायण गुरु, चट्टंबि स्वामीगल और सुभाष चंद्र बोस. किसी को हम महान मानते हैं, किसी से असहमत होते हैं. लेकिन हम उन्हें कितना जानते हैं? किसी की तस्वीर देखी, कोई भाषण सुना, किताब में कुछ पंक्तियां पढ़ीं या घर में किसी से कोई कहानी सुन ली.

इतिहास लिखने वाले भी अधूरे दस्तावेजों और अलग–अलग लोगों की गवाही से सच खोजते हैं. लेकिन ये सभी लोग हमारी तरह हाड़–मांस के इंसान थे. उनकी भी सुबह होती थी, थकान होती थी, चिंताएं होती थीं. उनके जीवन में भी ऐसे हजारों पल रहे होंगे, जिनका जिक्र किसी किताब में नहीं है. हम उनके जीवन की कुछ घटनाएं जानते हैं, हर पल नहीं. फिर भी उनके पूरे व्यक्तित्व पर अपना फैसला सुना देते हैं.

मैं पचपन साल का हूं. इन पचपन वर्षों में कितनी सुबहें आईं, कितनी चिंताएं रहीं, कितनी बातें मन में ही रह गईं. मुझे बरसों से जानने वाला इंसान भी मेरी जिंदगी का हर पल नहीं जानता. कुछ बातें मैंने किसी से नहीं कहीं. कुछ शायद मैं खुद भी नहीं समझ पाया. जब मेरी अपनी जिंदगी को कुछ वाक्यों में नहीं समेटा जा सकता, तो मैं किसी दूसरे के अस्सी वर्षों का फ़ैसला एक राय से कैसे कर सकता हूं? इसका मतलब इतिहास पर सवाल उठाना बंद करना नहीं है. किसी के अच्छे–बुरे कामों की जिम्मेदारी अपनी जगह है. लेकिन किसी के एक काम को जानना और पूरे इंसान को जान लेना, दोनों अलग बातें हैं.

दूसरों पर राय से पहले आत्ममंथन जरूरी

हमारे भीतर जैसे दो आवाजें रहती हैं. एक कहती है, मैं सब जानता हूं. दूसरी पूछती है, तुमने अपनी आंखों से कितना देखा है? पहली आवाज हमें सुकून देती है क्योंकि उसके पास हर बात का जवाब होता है. दूसरी हमें सोचने पर मजबूर करती है. पुरानी सीख भी यही है कि बार–बार सुनी हुई बात जरूरी नहीं कि सच हो. लेकिन हम अक्सर किसी बात को इतनी बार सुन लेते हैं कि वह हमें अपनी याद जैसी लगने लगती है. धीरे–धीरे हम भूल जाते हैं कि उसे हमने देखा नहीं, केवल सुना था.

एक छोटा–सा प्रयोग करके देखिए. किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में सोचिए जिसे आप पसंद नहीं करते. फिर याद कीजिए कि उसके बारे में आपने खुद क्या देखा और दूसरों से क्या सुना. अब यही बात किसी प्रिय व्यक्ति के बारे में सोचिए. शायद आपको हैरानी होगी. जिसे हम प्यार करते हैं, उसकी गलतियों के लिए वजह खोज लेते हैं. जिसे नापसंद करते हैं, उसकी अच्छाई में भी शक ढूंढ़ लेते हैं. हमारी राय केवल सामने वाले के बारे में नहीं बताती, हमारे अपने मन का हाल भी दिखाती है.

यहीं से असली सफर भीतर शुरू होता है. शायद सबसे बड़ी अधूरी कहानी वह है जो हम अपने बारे में मानकर बैठे हैं. हम कहते हैं, मैं अच्छा हूं, सच्चा हूं, किसी के साथ अन्याय नहीं करता. लेकिन क्या हम अपनी बात से असहमत इंसान को भी ध्यान से सुनते हैं? क्या हम किसी को बदलने का मौका देते हैं? क्या अपनी गलती मान लेते हैं? अगर अपनी गलतियों के लिए समझ चाहते हैं, लेकिन दूसरों को वही समझ नहीं देते, तो हम सच का साथ दे रहे हैं या अपनी बनाई हुई छवि बचा रहे हैं?

क्या कभी यह जानने की कोशिश की कि मैं कैसा इंसान हूं?

इसका मतलब यह भी नहीं कि किसी को गलत कहना ही छोड़ दें. अन्याय को अन्याय कहना जरूरी है. गलत काम की जवाबदेही भी जरूरी है. लेकिन किसी के काम का फैसला करते समय उसके जीवन की अनजानी बातें अपनी कल्पना से भर देना ठीक नहीं. समझदारी शायद इसी में है कि जहां सच मालूम हो, उसे स्वीकार करें और जहां न मालूम हो, वहां अपनी जानकारी अधूरी मानें.

हो सकता है उस आदमी को कभी पता ही न चले कि उसके दोस्त ने उस दिन वैसी बात क्यों कही थी. शायद दोस्त गलत था, शायद वह खुद. शायद दोनों के मन में कुछ ऐसी तकलीफें थीं जिन्हें दूसरा समझ नहीं पाया. किसी दिन उसे बरसों पुरानी दोस्ती और साथ बिताए अच्छे पल याद आएंगे. शायद दोस्ती वापस न लौटे, लेकिन उन पलों के लिए मन में आभार रह जाए और तब शायद वह अपने आपसे एक सवाल पूछे, मैंने पूरी जिंदगी दूसरों के बारे में यह तय करने में बिता दी कि वे कैसे इंसान हैं, लेकिन क्या कभी यह जानने की कोशिश की कि मैं खुद कैसा इंसान हूं?