इसरो चीफ वी. नारायणन ने नई दिल्ली में मंगलवार को कहा कि निजी तौर पर बनाया गया पहला PSLV लॉन्च के लिए तैयार है। PSLV-N1 को 2027 की पहली तिमाही में लॉन्च करने की तेयारी है। उन्होंने कहा कि गगनयान मिशन में देरी नहीं हुई है। मिशन अंतिम चरण में है और रॉकेट समेत बाकी जरूरी चीजें तैयार हैं। नारायणन ने दिल्ली में 5वीं इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार स्टार्टअप्स के साथ मिलकर सैटेलाइट लॉन्च में तेजी ला रही है। LT और HAL पांच PSLV बना रहे इसरो चीफ ने कहा- पहले इंडस्ट्री की मदद से सिर्फ इसरो ही PSLV बनाता था। अब LT और HAL के कंसोर्टियम को पांच PSLV बनाने का काम दिया गया है। उन्होंने बताया कि पहला रॉकेट PSLV-N1 तैयार हो रहा है। इसे अगले साल की पहली तिमाही यानी मार्च तक लॉन्च करने का लक्ष्य रखा गया है। इसरो की कमर्शियल शाखा NSIL ने सितंबर 2022 में कंसोर्टियम के साथ यह कॉन्ट्रैक्ट किया था। पांच PSLV रॉकेट बनाने का यह कॉन्ट्रैक्ट 860 करोड़ रुपए का है। नारायणन ने कहा कि सरकार स्टार्टअप्स के साथ मिलकर सैटेलाइट लॉन्च में बड़े स्तर पर तेजी ला रही है। इसरो के पास फिलहाल ऑर्बिट में सिर्फ 56 स्पेस एसेट्स हैं। उन्होंने कहा, “कम्युनिकेशन, नेविगेशन और अर्थ ऑब्जर्वेशन के लिए हमें कई स्पेस एसेट्स बनाने होंगे। यह काम अकेली सरकारी व्यवस्था नहीं कर सकती।” उन्होंने बताया कि इसरो और INSPACe निजी कंपनियों को मदद दे रहे हैं। इसका फायदा अगले पांच साल में दिखाई देगा। नारायणन के मुताबिक, एक स्टार्टअप से अब इनकी संख्या बढ़कर 440 से ज्यादा हो गई है। गगनयान मिशन लेट नहीं होगा नारायणन ने कहा, गगनयान लेट नहीं है। यह तकनीक पर आधारित बड़ा मिशन है और हम इसके अंतिम चरण में हैं। रॉकेट और दूसरी जरूरी चीजें तैयार हैं। फिलहाल ऑर्बिटल मॉड्यूल पर काम चल रहा है। पहले मौके पर ही इसे लॉन्च किया जाएगा। भारत 64 देशों के साथ सहयोग कर रहा है। पिछले 12 साल में भारत की धरती से 34 देशों के कम से कम 434 सैटेलाइट लॉन्च किए गए हैं। इसरो और चंडीगढ़ की सेमीकंडक्टर लैब ने मिलकर विक्रम प्रोसेसर बनाया है।विक्रम-32 चिप तैयार हो गई है। इसे अब सिस्टम में शामिल किया जाएगा।