What to Eat After Chhath Vrat: छठ पूजा में व्रती महिलाएं और पुरुष करीब 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखते हैं. इस दौरान वे न कुछ खाते हैं और न ही पानी पीते हैं. चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण किया जाता है. लेकिन लंबे समय तक भूखे-प्यासे रहने के बाद अचानक कुछ भी खा लेना ठीक नहीं है.

कई बार जल्दबाजी में भारी खाना खाने से पेट में भारीपन, गैस या अपच की परेशानी हो सकती है. ऐसे में जरूरी है कि व्रत खोलने के बाद खाने-पीने का थोड़ा ध्यान (What to Eat After Chhath Vrat) रखा जाए. आइए जानते हैं कि छठ का व्रत खोलने के बाद क्या खाना बेहतर है और किन चीजों से बचना चाहिए. 

व्रत खोलने के बाद सबसे पहले क्या खाएं?

निर्जला व्रत के बाद शरीर को पानी की जरूरत होती है. इसलिए पारण के समय सबसे पहले धीरे-धीरे पानी पिएं. एक साथ बहुत ज्यादा पानी पीने से बचें. इसके बाद हल्का और कम मात्रा में खाना खाएं.

  • फल: केला, पपीता और सेब जैसे फल खा सकते हैं. ये शरीर को पोषक तत्व देने के साथ हल्के विकल्प भी हैं.
  • नारियल पानी: इसे पी सकते हैं. इसमें पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं. हालांकि, किडनी की बीमारी वाले लोग डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही इसका सेवन करें.
  • मूंग दाल की खिचड़ी: कम मसाले और कम तेल में बनी खिचड़ी पेट के लिए हल्का भोजन हो सकती है.
  • दही: अगर आपको दही सूट करता है, तो थोड़ी मात्रा में ताजा दही खा सकते हैं.

व्रत खोलने के बाद इन चीजों से बचें

छठ का व्रत खोलते ही कई लोगों का मन ठेकुआ, पूड़ी और दूसरी स्वादिष्ट चीजें खाने का करता है. लेकिन शुरुआत में इनका ज्यादा सेवन करने से बचना चाहिए.

  • ज्यादा तला-भुना खाना: पूड़ी, पकौड़े और ज्यादा तेल वाली सब्जियों से शुरुआत न करें.
  • बहुत मीठी चीजें: एक साथ ज्यादा ठेकुआ, मिठाई या गुड़ खाने से बचें.
  • मसालेदार खाना: ज्यादा मिर्च-मसाले वाली सब्जियां पेट में जलन या परेशानी बढ़ा सकती हैं.
  • चाय-कॉफी: खाली पेट तेज चाय या कॉफी पीने से कुछ लोगों को एसिडिटी हो सकती है.

यह भी पढ़ें: छठ घाट जाने की है तैयारी, तो घर से निकलने से पहले चेक कर लें ये जरूरी चीजें

The post Chhath Puja 2026: 36 घंटे का निर्जला व्रत खोलने के बाद ऐसे रखें सेहत का ख्याल, जानें क्या खाएं और क्या नहीं appeared first on Prabhat Khabar.