जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद और ‘वारिस पंजाब दे’ (AD-WPD) के प्रमुख अमृतपाल सिंह को शनिवार को पंजाब के अपने पैतृक गांव में अपनी दादी, माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की कस्टडी पैरोल मिली थी. लेकिन इसके बावजूद वो जेल से बाहर नहीं आ सके. असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल प्रशासन द्वारा कम समय का हवाला देते हुए आदेश का पालन करने में असमर्थता जताए जाने के कारण अमृतपाल सिंह 14 नवंबर को हुए अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके. इसके बाद परिवार ने अंतिम संस्कार की तारीख 20 नवंबर और अंतिम अरदास 22 नवंबर तक के लिए आगे बढ़ा दी है.
सांसद अमृतपाल सिंह के वकील, एडवोकेट करमवीर सिंह पन्नू ने कहा, ‘ अमृतपाल सिंह की दादी के निधन के बाद, हमने एडिशनल सेशन जज की अदालत से राहत मांगी, जिसने एक दिन की कस्टोडियल पैरोल (हिरासत में रहते हुए पैरोल) मंजूर कर दी. हालांकि, डिब्रूगढ़ जेल प्रशासन ने हमें बताया कि इतने कम समय में वे इस आदेश का पालन नहीं कर सकते’.
#WATCH | Amritsar, Punjab: Advocate Karamvir Singh Pannu, counsel for MP Amritpal Singh, said, “Following the passing of Amritpal Singhs grandmother yesterday, we secured relief from the court of the Additional Sessions Judge, which granted a one-day custodial parole. However, Dibrugarh Jail authorities informed us that they could not comply with the order on such short notice. We intended to file an amendment application, as the family wishes to reschedule the funeral; however, the authorities are refusing to accept our filing. We will pursue every legal avenue—whether it be the High Court or the Supreme Court—to uphold our rights.” (14.11)
— ANI (@ANI) November 15, 2026
‘जेल प्रशासन हमारी अर्जी लेने से इनकार कर रहा’
वकील ने मीडिया से बात करते हुए कहा ‘ हम एक संशोधन अर्जी (amendment application) दाखिल करना चाहते थे, क्योंकि परिवार अंतिम संस्कार का समय बदलना चाहता है, लेकिन, जेल प्रशासन हमारी अर्जी लेने से इनकार कर रहा है. हम अपने अधिकारों की रक्षा के लिए हर कानूनी रास्ता अपनाएंगे चाहे वह हाई कोर्ट हो या सुप्रीम कोर्ट’.
एक दिन की कस्टोडियल पैरोल मिली थी
असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद अमृतपाल ने 14 नवंबर से 17 नवंबर तक, यानी चार दिनों की पैरोल मांगी थी. हालांकि, अदालत ने उन्हें केवल एक दिन की अनुमति दी. खबरों के अनुसार, उनके चाचा हरजीत सिंह को तीन दिन की पैरोल मिली है, जबकि उनके चचेरे भाई सुखमन सिंह को दो दिन की पैरोल दी गई है.
दादी के अंतिम संस्कार में होना था शामिल
अमृतपाल शनिवार को अमृतसर जिले के अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंचकर अंतिम संस्कार में शामिल होना था लेकिन वो नहीं आ सके. रविवार को लंबी बीमारी के बाद अमृतपाल की 84 साल की दादी चरण कौर के निधन हो गया था. परिवार ने अमृतपाल की अस्थायी रिहाई के लिए अमृतसर अदालत में अर्जी दी थी. बचाव पक्ष की टीम ने सांसद और परिवार के अन्य सदस्यों की अस्थायी रिहाई की मांग की थी, ताकि वे चरण कौर को अंतिम विदाई दे सकें.
2023 से असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में हैं बंद
अमृतपाल सिंह अप्रैल 2023 से असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद है. उसे 23 फरवरी 2023 को अमृतसर जिले के अजनाला पुलिस स्टेशन पर हुए हमले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था. उस घटना के दौरान, अमृतपाल और उसके समर्थकों की एक बड़ी भीड़ ने पुलिस स्टेशन पर धावा बोल दिया था. भीड़ में कई लोगों के पास तलवारें और हथियार थे. उन्होंने अपने साथी लवप्रीत सिंह ‘तूफान’ की रिहाई की मांग करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ झड़प की थी.
इस घटना के कारण पंजाब में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का बड़ा संकट खड़ा हो गया था. पुलिस ने अमृतपाल को पकड़ने के लिए पूरे राज्य में एक अभियान चलाया था. अमृतपाल लगभग एक महीने तक फरार रहा और आखिरकार 23 अप्रैल 2023 को मोगा जिले के रोडे गांव से गिरफ्तार किया गया.

