Chhath Puja Shopping Tips: छठ पूजा नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ जाती है. फल, ठेकुआ और पूजा की दूसरी चीजों के साथ सबसे ज्यादा ध्यान जाता है बांस के सूप और दउरा पर. घर में छठ की तैयारी हो तो इनकी खरीदारी भी किसी खास रस्म से कम नहीं लगती. अक्सर हम बाजार में सुंदर डिजाइन देखकर सूप या दउरा पसंद कर लेते हैं, लेकिन घर लाने के बाद पता चलता है कि बुनाई ढीली है या बांस कमजोर है.

ऐसे में पूजा के लिए इनकी खरीदारी करते समय थोड़ी समझदारी जरूरी है. अगर आप भी इस बार छठ के लिए सूप और दउरा लेने जा रहे हैं, तो कुछ बातें पहले ही जान लें, ताकि बाद में पछताना न पड़े. 

बांस की गुणवत्ता जरूर देखें

छठ पूजा के लिए सूप और दउरा खरीदते समय सबसे पहले उसमें इस्तेमाल किए गए बांस की गुणवत्ता पर ध्यान दें. कोशिश करें कि बांस मजबूत और अच्छी तरह से तैयार किया गया हो. बहुत पतले या कमजोर बांस से बने सूप जल्दी टूट सकते हैं.

वहीं, दउरा का इस्तेमाल करते समय भी उसके कमजोर होने पर पूजा की सामग्री रखने में परेशानी हो सकती है. इसलिए खरीदने से पहले उसे हाथ से छूकर और हल्का दबाकर उसकी मजबूती जांच लें.

कहीं से टूटा या निकला हुआ न हो

कई बार बाजार में रखे सूप और दउरा देखने में अच्छे लगते हैं, लेकिन उनमें बांस की पतली तीलियां बाहर निकली होती हैं. कुछ में किनारे टूटे या ढीले भी हो सकते हैं. ऐसे सामान खरीदने से बचें.

निकली हुई तीलियां हाथ में चुभ सकती हैं और पूजा के दौरान फल या दूसरी सामग्री को भी नुकसान पहुंचा सकती हैं. इसलिए खरीदने से पहले चारों तरफ अच्छी तरह जांच कर लें.

सूप का आकार अपनी जरूरत के हिसाब से चुनें

बाजार में छोटे, बड़े और अलग-अलग डिजाइन के सूप मिलते हैं. ऐसे में अपनी पूजा की जरूरत के हिसाब से इनका आकार चुनना बेहतर रहता है. अगर आपको फल, ठेकुआ और दूसरी पूजा सामग्री सजानी है, तो पर्याप्त जगह वाला सूप लें.

बहुत छोटा सूप खरीदने पर सारी सामग्री रखने में दिक्कत हो सकती है. वहीं, दउरा का आकार भी इतना होना चाहिए कि उसमें पूजा का सामान आसानी से रखा जा सके.

यह भी पढ़ें: छठ पूजा में महिलाएं नाक से मांग तक क्यों लगाती हैं लंबा सिंदूर? जानें इसके पीछे की मान्यता

दउरा का हैंडल और पकड़ जांचें (Chhath Puja Shopping Tips)

दउरा खरीदते समय उसके हैंडल पर खास ध्यान दें. इसकी पकड़ मजबूत होनी चाहिए, ताकि पूजा सामग्री रखने और उठाने में परेशानी न हो. अगर हैंडल ढीला है या उसकी बुनाई ठीक नहीं है, तो वजन पड़ने पर वह खुल सकता है. खरीदने से पहले दउरा को उठाकर देखें और हल्का दबाव डालकर उसकी पकड़ जांच लें.

साफ-सुथरा सूप और दउरा खरीदें

छठ पूजा में सूप और दउरा में फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद रखे जाते हैं. इसलिए इनकी साफ-सफाई का ध्यान रखना भी जरूरी है. ऐसे सामान खरीदें जिनमें धूल-मिट्टी, जाले या गंदगी न लगी हो. बांस की बुनाई के बीच भी अच्छी तरह देख लें कि कहीं कचरा या गंदगी तो नहीं फंसी है.

यह भी पढ़ें: पहली बार छठ पूजा कर रहे हैं? पहले जान लें ये 7 जरूरी बातें

The post छठ पूजा के लिए खरीद रहे हैं सूप और दउरा? इन 5 बातों का रखें खास ध्यान appeared first on Prabhat Khabar.