कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love आज यानी 10 नवंबर से बाजार में उपलब्ध होनी शुरू हो जाएगी. किताब के प्रकाशित होने से पहले ही इसके एक अंश ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है. इसमें सोनिया गांधी ने 2004 में प्रधानमंत्री बनने से इनकार करने के अपने फैसले के पीछे की कहानी बताई है. उन्होंने लिखा है कि उस समय उनके मन में जिम्मेदारी और निजी आशंकाओं के बीच लगातार संघर्ष चल रहा था. एक तरफ पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता के भरोसे का दबाव था, तो दूसरी तरफ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा नहीं चाहते थे कि उनकी मां प्रधानमंत्री बनें.

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में प्रकाशित किताब के विशेष अंश में सोनिया गांधी ने उस रात का जिक्र किया है, जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने का अंतिम फैसला लिया था. उन्होंने लिखा है कि उनके मन में चल रहा संदेह अचानक खत्म हो गया और उन्हें भीतर से आवाज सुनाई दी- ‘Sonia, be true to yourself. Youve always known it. Just leave it!’ (सोनिया, अपने प्रति सच्ची रहो. तुम हमेशा से यह जानती थीं. बस इसे छोड़ दो.)

राहुल और प्रियंका नहीं चाहते थे कि मां प्रधानमंत्री बनें

सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि 2004 के लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही उन्होंने अपने बच्चों के साथ इस सवाल पर चर्चा की थी कि अगर कांग्रेस चुनाव जीतती है तो क्या वह प्रधानमंत्री पद स्वीकार करेंगी? जब उनसे यह सवाल पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा था- बिल्कुल नहीं.

सोनिया के मुताबिक, राहुल और प्रियंका दोनों नहीं चाहते थे कि वह प्रधानमंत्री बनें. इसकी वजह उनके परिवार का अतीत था. दोनों ने अपनी दादी इंदिरा गांधी की हत्या और पिता राजीव गांधी की हत्या का दर्द देखा था. उनके मन में प्रधानमंत्री पद का मतलब परिवार के लिए और ज्यादा खतरा था. सोनिया ने लिखा कि जब उन्होंने अपने बच्चों के सामने प्रधानमंत्री न बनने की बात कही तो वे राहत महसूस कर रहे थे और खुद उन्हें भी हल्कापन महसूस हुआ.

एक तरफ जिम्मेदारी, दूसरी तरफ प्रधानमंत्री पद से दूरी

किताब के अंश में सोनिया गांधी ने स्वीकार किया है कि 2004 के चुनाव नतीजों के बाद उनके मन में असमंजस था. एक तरफ उन्हें लगता था कि राजीव गांधी और इंदिरा गांधी ने जिस राजनीतिक विरासत के लिए काम किया, उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उन पर है. दूसरी तरफ प्रधानमंत्री बनने का विचार उन्हें भीतर से स्वीकार नहीं था.

सोनिया गांधी ने लिखा कि उनके मन का एक हिस्सा प्रधानमंत्री बनने के विचार को पूरी तरह खारिज कर रहा था, जबकि दूसरा हिस्सा पार्टी कार्यकर्ताओं और उन लोगों के प्रति जिम्मेदारी का एहसास करा रहा था, जिन्होंने कांग्रेस को वोट दिया था. उनके मन में यह सवाल भी था कि अगर वह पद स्वीकार नहीं करती हैं तो पार्टी के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को निराशा होगी. सोनिया ने लिखा कि कभी वह अपने फैसले को लेकर पूरी तरह स्पष्ट होती थीं, तो अगले ही पल उनके मन में फिर असमंजस पैदा हो जाता था.

राहुल ने पूछा- आपने हां क्यों कहा?

सोनिया गांधी ने उस मुलाकात का भी जिक्र किया है, जब कांग्रेस और गठबंधन के नेता उन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिए मनाने उनके आवास पहुंचे थे. सोनिया के मुताबिक, गठबंधन के नेताओं ने उनके सहयोगियों से कहा था कि वे उन्हें मना लेंगे.इस दौरान राहुल गांधी ने उनसे सवाल किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के लिए हां क्यों कहा? सोनिया ने जवाब दिया कि नेता उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे और उन पर दबाव बनाया जा रहा था. इस पर राहुल नाराज हो गए.

प्रियंका गांधी ने भी मां को याद दिलाया कि वह पहले से ही अपने फैसले को लेकर स्पष्ट थीं और उन्हें किसी के दबाव में नहीं आना चाहिए. सोनिया ने लिखा कि प्रियंका की आंखें लाल थीं और उन्हें भी रोने का मन हो रहा था. उस समय उन्हें महसूस हुआ कि उनके फैसले के दूरगामी नतीजे हो सकते हैं.

विदेशी मूल का मुद्दा बनने की थी आशंका

सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री न बनने के फैसले के पीछे एक राजनीतिक वजह का भी जिक्र किया है. उन्होंने लिखा कि उन्हें आशंका थी कि अगर वह प्रधानमंत्री बनती हैं तो बीजेपी और उसके सहयोगी उनके विदेशी मूल को मुद्दा बनाएंगे. इससे राजनीतिक विवाद और बढ़ सकता था. सोनिया के मुताबिक, उन्हें लगता था कि यह विवाद देश के विकास और सरकार के कामकाज पर भी असर डाल सकता है. उन्होंने लिखा कि भारत वह देश था जिसने निजी त्रासदियों के बाद उन्हें अपनाया और सहारा दिया. ऐसे में वह ऐसा कोई फैसला नहीं लेना चाहती थीं, जिससे देश को नुकसान पहुंचे.

सोनिया ने किताब में लिखा कि उनके लिए प्रधानमंत्री पद से ज्यादा जरूरी देश में मजबूत और सक्षम सरकार का गठन था. वह चाहती थीं कि देश में धर्मनिरपेक्ष सरकार बने और विकास तथा प्रगति का रास्ता आगे बढ़े.

मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का फैसला

सोनिया गांधी ने उस दिन संसद के सेंट्रल हॉल में हुई घटनाओं का भी विस्तार से जिक्र किया है. उन्होंने लिखा कि जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने का फैसला सुनाया तो कांग्रेस के कई नेता विरोध करने लगे. कुछ नेताओं ने चिल्लाकर उनसे फैसला बदलने की अपील की, तो कुछ भावुक हो गए. सोनिया ने बताया कि उन्हें बीच में अपना भाषण रोकना पड़ा और कुछ देर के लिए मंच से बाहर जाना पड़ा. बाद में वह दोबारा लौटीं और अपना फैसला स्पष्ट किया.

सोनिया गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री पद उनका लक्ष्य कभी नहीं रहा और वह अपने सिद्धांतों पर कायम रहेंगी. इसके बाद सोनिया गांधी ने डॉ. मनमोहन सिंह का नाम अपने उत्तराधिकारी के तौर पर प्रस्तावित किया. उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल के नेता पद से हटने और मनमोहन सिंह को नेता बनाने का फैसला किया. इस तरह 2004 में यूपीए सरकार का नेतृत्व मनमोहन सिंह के हाथों में आया.