Gurfateh Singh Pirzada: नेटफ्लिक्स की बहुचर्चित सीरीज ‘क्लास’, ‘गिल्टी’ और हाल ही में रिलीज़ हुई ‘लस्ट स्टोरीज 3’ फेम एक्टर गुरफतेह पीरजादा के मुंबई स्थित घर में दिवाली जश्न के दौरान अचानक भीषण आग लग गई. आतिशबाजी के दौरान की लापरवाही के कारण भड़की इस आग में एक्टर के घर की बालकनी पूरी तरह जलकर स्वाहा हो गई, वहीं उनके कमरे को भी भारी नुकसान पहुंचा है. इस दर्दनाक हादसे के बाद गुरफतेह ने इंस्टाग्राम पर अपने जले हुए घर की दिल दहला देने वाली तस्वीरें साझा करते हुए अपना गुस्सा जताया है.

गुरफतेह पीरजादा ने सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में उनके मुंबई वाले अपार्टमेंट का मंजर साफ देखा जा सकता है. आतिशबाजी से उठी चिंगारी के कारण लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. घटना की जानकारी देते हुए गुरफतेह ने बताया कि पटाखों की वजह से उनके घर की बालकनी पूरी तरह राख में तब्दील हो गई और आग की लपटों ने उनके पूरे कमरे को भी अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि, राहत की बात ये रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है.

बीएमसी और मुंबई पुलिस से शिकायत

गुरफतेह पीरजादा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बेपरवाह होकर पटाखे फोड़ने वाले लोगों पर करारा हमला बोला है. उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर जले हुए कमरे की फोटो शेयर करते हुए लिखा, “लोगों की बेवकूफी सचमुच स्तब्ध करने वाली है… पटाखों ने मेरी पूरी बालकनी और लगभग पूरा कमरा जलाकर राख कर दिया. पूरा शहर जल रहा है और एक गैस चेंबर बन चुका है.” अपनी पोस्ट में गुरफतेह ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) और मुंबई पुलिसके आधिकारिक हैंडल्स को टैग करते हुए इस घटना की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया. उन्होंने दिवाली के दौरान शहर में अनियंत्रित तरीके से फोड़े जा रहे पटाखों, आग के खतरों और मुंबई की तेजी से खराब होती एयर क्वालिटी (प्रदूषण) पर गंभीर चिंता जताई है.

Gurfateh Singh Post

गुरफतेह पीरजादा

‘क्लास’ से लेकर ‘लस्ट स्टोरीज़ 3’ तक का शानदार सफर

गुरफतेह पीरजादा ने साल 2018 में फिल्म ‘फ्रेंड्स इन लॉ’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद वे 2020 में नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘गिल्टी’ और 2021 में ‘हम भी अकेले तुम भी अकेले’ में नजर आए. 2023 में आई नेटफ्लिक्स सीरीज ‘क्लास’ ने उन्हें घर-घर में जबरदस्त पहचान दिलाई. साल 2024 में वे प्राइम वीडियो की सीरीज ‘कॉल मी बे’ में दिखे और हाल ही में 11 सितंबर को निखिल आडवाणी की पीरियड एक्शन-थ्रिलर सीरीज ‘द रिवोल्यूशनरीज़ में महान स्वतंत्रता सेनानी ‘बाघा जतिन’ का मुख्य किरदार निभाया. हाल ही में उन्हें ‘लस्ट स्टोरीज 3’ में भी देखा गया है. आपको बता दें कि गुरफतेह, तेलुगु और तमिल सिनेमा की लोकप्रिय एक्ट्रेस मेहरीन पीरजादा के भाई हैं.