मध्य प्रदेश के रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं. इस बार उन्होंने किसानों की कार्यशैली और आदतों पर तीखी टिप्पणी की है. जिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि किसान साल में केवल 3 महीने मेहनत करते हैं, जबकि बाकी 9 महीने ताश खेलते हैं, और राजश्री, बोतल, चौंगी जैसी चीजों में समय बिताते हैं.
जानकारी के मुताबिक बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा मऊगंज जिले में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसानों को लेकर कहा कि आज के किसान पहले के किसानों की तरह नहीं रह गए हैं. किसान साल में सिर्फ 3 महीने मेहनत करते हैं. बीके के 9 महीने वो ताश खेल और राजश्री-बोतल में बिताते हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा बयान
सांसद का ये बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिस पर लोगों ने काफी नाराजगी जाहिर करते हुए सांसद की आलोचना कीय का यह बयान अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है. सांसद का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब देश की बड़ी आबादी किसानों की मेहनत से पैदा होने वाले अनाज पर निर्भर है. खेतों में दिन रात मेहनत कर देश का पेट भरने वाले किसानों के लिए, जनप्रतिनिधि की इस तरह की टिप्पणी अब चर्चा का विषय बन गई है.
घरों में गाय पालने पर दिया जोर
इसके साथ ही लोगों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि वो सभी से आग्रह है कि प्रत्येक परिवार अपने घर में गाय का पालन जरूर करे. उन्होंने कहा कि गौसेवा हमारी भारतीय संस्कृति, आस्था एवं परंपरा का अभिन्न अंग होने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने कहा कि खासकर किसानों के लिए गौपालन आय, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के नए अवसर प्रदान कर सकता है. किसानों और ग्रामीणों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि हम सभी गौसंरक्षण एवं गौसंवर्धन का संकल्प लें और गौसेवा के माध्यम से अपनी संस्कृति एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएं.
बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं जनार्दन मिश्रा
जनार्दन मिश्रा भाजपा के सांसद हैं और रीवा लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं. पहले भी वो अपने बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं. इस बार गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम में दिए गए बयान ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है. सवाल यह है कि क्या देश का पेट भरने वाले किसानों की मेहनत को इस नजरिए से देखना उचित है. हालांकि यह कोई पहला मौका नहीं है जब उन्होंने कोई विवादित बयान दिया हो, इसके पहले भी कई बार उनके विवादित बयान सामने आ चुके है.

