महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के वरिष्ठ नेता अनिल देशमुख ने साफ कह दिया है कि एनसीपी के दोनों विरोधी गुटों के विलय का कोई सवाल ही नहीं है. उन्होंने कहा कि जो भी उनकी पार्टी में शामिल होना चाहता है, उसका स्वागत है, लेकिन दोनों दलों के एक होने की कोई संभावना नहीं. यह बयान उन अटकलों के बीच आया है, जब सत्तारूढ़ एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने दावा किया था कि अगर अजित पवार जीवित होते तो फरवरी में ही दोनों गुटों का विलय हो गया होता.

सत्तारूढ़ NCP की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने इससे पहले कहा था कि यदि तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष अजित पवार जीवित होते, तो दोनों गुटों का विलय इसी साल फरवरी में हो गया होता.अजित पवार की 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी.

‘तटकरे विलय पर बयान बदल रहे’

देशमुख ने नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दावा किया कि तटकरे विलय के मुद्दे पर बार-बार अपने बयान बदल रहे हैं. उन्होंने कहा कि अजित पवार के जीवित रहते ही यह तय हो गया था कि NCP भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार से बाहर हो जाएगी और दोनों दलों का विलय हो जाएगा.

देशमुख ने कहा कि अजित पवार की अचानक मौत के बाद तटकरे ने दावा किया था कि तत्कालीन NCP अध्यक्ष ने दोनों विरोधी दलों के संभावित विलय के बारे में पार्टी नेताओं को कुछ नहीं बताया था. पूर्व मंत्री ने सवाल किया कि अब तटकरे यह दावा क्यों कर रहे हैं कि अगर अजित पवार जीवित होते तो 12 फरवरी को दोनों गुटों का विलय हो गया होता.

देशमुख ने जोर देकर कहा कि सत्तारूढ़ NCP और विपक्षी NCP (शरदचंद्र पवार) के एक साथ आने का कोई सवाल ही नहीं है. उन्होंने कहा, “अगर कोई हमारी पार्टी में शामिल होना चाहता है तो उसका स्वागत है . हालांकि, दोनों दलों के विलय का कोई सवाल ही नहीं है.”

शरद पवार से मिलने पहुंचे से उपमुख्यमंत्री

एनसीपी के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे के बयान नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और उसकी प्रतिद्वंद्वी एनसीपी (एसपी) के बीच फिर से एक होने की संभावना वाली प्रतिक्रिया कई महीनों से राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय रही है – शायद और जल्दी सच हो गई होती, अगर अजित पवार जीवित होते. उनके ये बयान ऐसे समय में आए हैं, जब उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और वरिष्ठ नेताओं का एक समूह ब्रीच कैंडी अस्पताल में एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से मिलने पहुंचा. शरद पवार वहां सीने में जकड़न के इलाज के लिए भर्ती हैं.