दुनिया
व्हाइट हाउस के पास से युवक हथियारों के साथ गिरफ्तार:पुलिस का दावा- उसे ट्रम्प को मार देने का ख्याल आता था
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की हत्या के बारे में सोचने वाले वेनेजुएला के युवक को गुरुवार रात व्हाइट हाउस के पास गिरफ्तार किया गया। वह चोरी की कार में था। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के मुताबिक, उसके पास से तीन बंदूकें और कई कारतूस मिले हैं। DHS ने बताया कि सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने युवक को वॉशिंगटन डीसी के कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर कार में संदिग्ध हालत में देखा। पूछताछ में उसने बताया कि उसके सिर में आवाजें आती हैं, जो उसे ट्रम्प को मारने के लिए कहती हैं। युवक की पहचान 26 साल के रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) के मुताबिक, युवक 2024 में अवैध तरीके से अमेरिका आया था। युवक ने दावा किया- कुछ लोग उसे मारना चाहते थे सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने गुरुवार रात करीब 11:42 बजे क्रिनोस को व्हाइट हाउस के बाहर खड़ी नीले रंग की फोर्ड F-150 गाड़ी में सोते हुए देखा। संदिग्ध लगने पर अधिकारियों ने उसे जगाकर पूछताछ की। NBC न्यूज के मुताबिक, क्रिनोस ने गूगल ट्रांसलेट की मदद से अधिकारियों को बताया कि उसके पास कुछ हथियार हैं, जिन्हें वह सरकार को सौंपना चाहता है। उसने कहा कि वह बिना किसी विरोध के हथियार सौंप देगा। उसने यह भी दावा किया कि कुछ लोग उसे मारने की कोशिश कर रहे थे। उसने उनसे एक बंदूक छीन ली जो कार में भूरे रंग के बैग में रखी है। उसने यह भी कहा कि उसके पास इस मामले से जुड़ी पोशाक है और वह सब कुछ अधिकारियों को सौंप सकता है। चोरी की गाड़ी में रह रहा था युवक अधिकारियों ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें तीन बंदूकें मिलीं। इनमें AR-15 स्टाइल राइफल, MAC-10 हैंडगन और ग्लॉक 43X पिस्टल शामिल हैं। इसके अलावा कारतूस भी मिले। जांच में पता चला कि गाड़ी चोरी की है और इसकी शिकायत पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी। क्रिनोस ने अधिकारियों को बताया कि यह गाड़ी उसके बॉस की है, जिसने उसे इस्तेमाल करने के लिए दी थी। उसने यह भी बताया कि उसने करीब एक महीने पहले कुछ हथियार खरीदे भी थे और वह इसी गाड़ी में रह रहा था। हथियार रखने और चोरी के कई आरोप लगे क्रिनोस पर बिना कानूनी अनुमति बंदूकें रखने और उन्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के आरोप लगे हैं। उस पर बिना रजिस्ट्रेशन के राइफल और पिस्टल रखने के साथ कारतूस रखने के तीन अलग-अलग आरोप भी लगाए गए हैं। इसके अलावा उस पर बिना अनुमति गाड़ी इस्तेमाल करने, चोरी और चोरी की संपत्ति रखने के आरोप भी हैं। NBC न्यूज के मुताबिक, सरकारी वकील उसके खिलाफ मिले सबूतों की जांच कर रहे हैं। उसे सोमवार को संघीय अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल यह साफ नहीं है कि उसकी पैरवी के लिए कोई वकील नियुक्त हुआ है या नहीं। ट्रम्प पर 3 बार जानलेवा हमला हुआ… पहला: 13 जुलाई 2024 - बटलर, पेंसिल्वेनिया हमलावर: थॉमस मैथ्यू क्रूक्स (20) दूसरा: 15 सितंबर 2024 - वेस्ट पाम बीच, फ्लोरिडा हमलावर: रयान वेस्ली रॉथ (58) तीसरा: 25 अप्रैल 2026 - वॉशिंगटन डीसी हमलावर: कोल टॉमस एलन (31) ------------------------- यह खबर भी पढ़ें… बलूच आर्मी ने कमांडर इन चीफ बशीर को निकाला: पाकिस्तान में बड़े हमलों को अंजाम दिया; फिल्म धुरंधर के किरदार हमजा से होती थी तुलना बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के कमांडर-इन-चीफ बशीर जेब को पद से हटा दिया गया है। बशीर जेब ने पाकिस्तान में कई बड़े हमलों की साजिश रचकर पहचान बनाई थी। पूरी खबर पढ़ें…
यह सामग्री Dainik Bhaskar - World ने प्रकाशित की है; IB9TV ने इसे न लिखा है, न संपादित किया है। मूल ख़बर देखें
