Small Home Decor Tips: आजकल शहरों में छोटे फ्लैट और अपार्टमेंट का चलन काफी बढ़ गया है. ऐसे घरों में जगह की कमी अक्सर महसूस होती है. कभी सामान रखने की परेशानी होती है, तो कभी कमरा जरूरत से ज्यादा भरा हुआ नजर आता है.

कई बार हम सोचते हैं कि घर सुंदर दिखाने के लिए बड़े कमरे और महंगे फर्नीचर की जरूरत होती है, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है. कुछ छोटी-छोटी स्मार्ट ट्रिक्स अपनाकर आप अपने छोटे से घर को भी खुला, बड़ा और आकर्षक दिखा सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे 10 आसान तरीके.

1. दीवारों पर हल्के रंग करवाएं

अगर आपका घर छोटा है, तो दीवारों के लिए सफेद, क्रीम, हल्का ग्रे या पेस्टल रंग चुनें. हल्के रंग रोशनी को बेहतर तरीके से फैलाते हैं, जिससे कमरा खुला और बड़ा दिखाई देता है.

2. बड़े शीशे का करें इस्तेमाल (Small Home Decor Tips)

छोटे घर को बड़ा दिखाने के लिए शीशा काफी काम आ सकता है. लिविंग रूम या बेडरूम की दीवार पर बड़ा मिरर लगाएं. इसे ऐसी जगह रखें, जहां खिड़की से आने वाली रोशनी दिखाई दे. इससे कमरे में रोशनी और खुलापन महसूस होगा.

3. भारी फर्नीचर से बनाएं दूरी

छोटे घर में बहुत बड़े और भारी फर्नीचर रखने से बचें. इसके बजाय हल्के डिजाइन वाले सोफा, कुर्सियां और टेबल चुनें. कोशिश करें कि फर्नीचर के नीचे थोड़ी खाली जगह दिखाई दे. इससे कमरा ज्यादा भरा हुआ नहीं लगेगा.

4. पर्दों को सही तरीके से लगाएं

अगर आप चाहते हैं कि घर की छत ऊंची और कमरे बड़े दिखें, तो पर्दे लगाने का तरीका बदलें. पर्दों को खिड़की के ठीक ऊपर लगाने के बजाय छत के पास (Small Home Decor Tips) लगाएं. फर्श तक आने वाले हल्के रंग के पर्दे कमरे को लंबा और खुला दिखाने में मदद करते हैं.

5. मल्टीफंक्शनल फर्नीचर चुनें

छोटे घर में एक ही फर्नीचर से कई काम लेना समझदारी है. जैसे स्टोरेज वाला बेड, फोल्डिंग डाइनिंग टेबल या सोफा-कम-बेड. इससे अलग-अलग सामान रखने के लिए अतिरिक्त जगह नहीं घेरनी पड़ती और घर व्यवस्थित रहता है.

6. दीवारों का भी करें इस्तेमाल

घर में सामान रखने के लिए हर बार नई अलमारी या कैबिनेट खरीदने की जरूरत नहीं है. आप दीवारों पर फ्लोटिंग शेल्फ लगाकर किताबें, छोटे पौधे और सजावट का सामान रख सकते हैं. इससे फर्श खाली रहेगा और घर खुला नजर आएगा.

7. प्राकृतिक रोशनी आने दें (Small Home Decor Tips)

दिन के समय खिड़कियों को भारी पर्दों से ढककर न रखें. घर में जितनी ज्यादा प्राकृतिक रोशनी आएगी, कमरे उतने ही खुले और खूबसूरत दिखाई देंगे.

यह भी पढ़ें: घर में लगवाएं इन रंगों की टाइल्स, फर्श पर कम दिखेगी गंदगी

8. घर को बेवजह सामान से न भरें

कई बार छोटे घर की सबसे बड़ी समस्या जगह नहीं, बल्कि जरूरत से ज्यादा सामान होता है. इसलिए समय-समय पर उन चीजों को अलग करें, जिनका आप इस्तेमाल नहीं करते. कम और व्यवस्थित सामान से घर साफ-सुथरा और बड़ा दिखाई देता है.

9. लाइटिंग का रखें खास ध्यान

सिर्फ एक ट्यूबलाइट या बल्ब के भरोसे पूरे घर की रोशनी न छोड़ें. जरूरत के हिसाब से दीवारों पर लाइट, कॉर्नर लैंप और सीलिंग लाइट का इस्तेमाल करें. सही लाइटिंग से कमरे के अंधेरे कोने भी रोशन होंगे और जगह ज्यादा खुली महसूस होगी.

10. सजावट में अपनाएं मिनिमल तरीका

छोटे घर को सजाते समय बहुत सारी तस्वीरें, शोपीस और डेकोरेशन आइटम रखने से बचें. इसके बजाय कुछ चुनिंदा चीजों से सजावट करें. एक खूबसूरत पेंटिंग, छोटा इंडोर प्लांट या आकर्षक कुशन भी घर को स्टाइलिश लुक दे सकते हैं.

यह भी पढ़ें: कम खर्च में ऐसे सजाएं बालकनी, रोशनी से जगमगाएगा घर

The post छोटा घर भी लगेगा बड़ा और शानदार, अपनाएं ये 10 स्मार्ट ट्रिक्स appeared first on Prabhat Khabar.