बिहार कांग्रेस से जुड़े एक सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में दिल्ली पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज की है. दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने पिछले साल दर्ज की गई FIR की जांच के सिलसिले में बिहार कांग्रेस के पदाधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है. यह नोटिस रविवार को पटना स्थित बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में चस्पा किया गया.

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि कांग्रेस के आईटी सेल से जुड़े एक पदाधिकारी को यह नोटिस भेजा गया है. इसमें उन्हें पूछताछ के लिए 5 नवंबर को दोपहर 11 बजे दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ की ‘काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट’ के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया है. कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी इस मामले पर विचार-विमर्श कर रही है.

मोबाइल फोन का ब्योरा भी मांगा गया

पुलिस ने कांग्रेस के जिस पदाधिकारी को नोटिस जारी किया है, उनका मोबाइल नंबर पार्टी की प्रदेश इकाई के आधिकारिक ‘X’ हैंडल के साथ पंजीकृत है. भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 94 के तहत जारी इस नोटिस में सिम कार्ड और X हैंडल के संचालन संबंधी जानकारी मांगी गई है. इसके साथ ही उन मोबाइल फोन का ब्योरा भी मांगा गया है, जिनमें इस सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया था.

यह मामला पिछले साल दर्ज एक FIR से जुड़ा है. दिल्ली पुलिस इस सोशल मीडिया अकाउंट के संचालन और उससे जुड़े मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है. पुलिस ने बिहार कांग्रेस से 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2025 के बीच इस हैंडल को ऑपरेट करने वाले अधिकृत व्यक्तियों की सूची और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) मांगे हैं.

PM मोदी के AI Video से जुड़ा है मामला

यह नोटिस पिछले साल 13 सितंबर को दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई एक प्राथमिकी के सिलसिले में दिया गया है. बिहार कांग्रेस पर प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवंगत माता से जुड़े एक विवादित AI Videoपोस्ट करने का आरोप है. यह AI वीडियो बिहार कांग्रेस के आधिकारिक X हैंडल @INCBihar से पोस्ट/शेयर किया गया था.